दिल्ली के 75 सीएम श्री स्कूलों को मिली “विशेष श्रेणी” की मान्यता, उपराज्यपाल ने जारी की अधिसूचना

Delhi Schools Special Status: (नई दिल्ली): दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने राजधानी के 75 सीएम श्री स्कूलों को “विशेष श्रेणी” के स्कूलों के रूप में अधिसूचित किया है। यह अधिसूचना शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत जारी की गई है। जिसकी पुष्टि शिक्षा निदेशालय ने अपने आधिकारिक बयान में की

नई शिक्षा नीति के अनुसार होंगे स्कूल

सरकार का कहना है कि इन स्कूलों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफएसई) 2023 के अनुसार तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह है कि छात्रों को केवल किताबों की पढ़ाई नहीं, बल्कि व्यवहारिक ज्ञान और 21वीं सदी के जरूरी कौशल भी सिखाए जाएं।

प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा दाखिला

इन सीएम श्री स्कूलों में पढ़ाई या तो नर्सरी कक्षा से शुरू होगी या फिर कक्षा 6 से। लेकिन खास बात यह है कि कक्षा 6 और आगे की कक्षाओं में दाखिला एक योग्यता परीक्षा के आधार पर दिया जाएगा। इससे उन बच्चों को मौका मिलेगा जो पढ़ाई में आगे हैं और कुछ नया सीखने की क्षमता रखते हैं।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे स्कूल

सरकार की योजना है कि इन स्कूलों को पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसमें स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और खेल सुविधाएं शामिल होंगी। साथ ही, छात्रों को डिजिटल लर्निंग, सोचने-समझने की क्षमता और नए विचारों पर काम करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बच्चों को मिलेगा बेहतर भविष्य

सीएम श्री स्कूल दिल्ली सरकार की एक खास योजना का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य सरकारी स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों की तरह मजबूत बनाना है। अब इन्हें “विशेष श्रेणी” में शामिल करने से इन स्कूलों की पहचान और मजबूत होगी। इससे छात्रों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के अधिक मौके मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *