Delhi Chhath Puja 2025: (नई दिल्ली): मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को घोषणा की कि इस वर्ष दिल्ली में छठ पूजा का आयोजन बेहद भव्य और योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यमुना नदी के दोनों किनारों पर अस्थायी घाट बनाए जाएंगे, जिससे पूर्वांचल समाज के श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे श्रद्धा के साथ छठ महापर्व मना सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजामों के लिए प्रशासन को निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी और किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा हमने यमुना के दोनों किनारों पर अस्थायी घाटों पर छठ पूजा के लिए भव्य आयोजन की योजना बनाई है और सभी जरूरी सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है
कोविड और कोर्ट के आदेशों के बाद घाटों पर वापसी
महामारी के दौरान और बाद में अदालत के निर्देशों के चलते यमुना तट पर छठ पूजा के आयोजन पर रोक लगा दी गई थी। इसके चलते बीते वर्षों में दिल्ली सरकार ने उद्यानों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सैकड़ों अस्थायी कुंड बनाकर छठ व्रतियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की थी।
इस बार, सरकार ने पहले से अधिक तैयारी के साथ घाटों पर छठ पूजा की अनुमति दी है। दिल्ली में पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से आए लाखों लोग छठ पूजा मनाते हैं। यह पर्व सूर्य की उपासना का प्रतीक है, जिसमें श्रद्धालु 36 घंटे तक निर्जल उपवास रखते हैं और उगते एवं डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
सांस्कृतिक सम्मान और धार्मिक आस्था का आयोजन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ पूजा न केवल एक धार्मिक पर्व है, बल्कि यह दिल्ली की सांस्कृतिक विविधता और समरसता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर समुदाय को अपनी आस्था के अनुसार पर्व मनाने की पूरी स्वतंत्रता और उचित व्यवस्था मिले। उन्होंने प्रशासन को यह भी निर्देश दिया कि घाटों पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष टीमें तैनात की जाएं।