Nayab Singh Saini:(कुरुक्षेत्र): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग की चार नई डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये प्रयास केवल तकनीकी परिवर्तन नहीं, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता और नागरिक सुविधाओं के एक नए युग की शुरुआत हैं।
डिजिटल क्रांति की दिशा में बड़ा कदम
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की पावन भूमि से शुरू हुई इन पहलों में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली, पेपरलेस निशानदेही पोर्टल, व्हाट्सएप चैटबोट सेवा, और राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन सभी पहलों को प्रदेश में डिजिटल क्रांति को गति देने वाला कदम बताया।
अब रजिस्ट्री होगी पूरी तरह पेपरलेस
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि आज से पूरे हरियाणा में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली लागू हो गई है। इससे नागरिक अब अपने घर बैठे ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और आम जनता को समय की बचत के साथ-साथ भ्रष्टाचार से भी राहत मिलेगी।
निशानदेही भी अब डिजिटल
सीएम सैनी भूमि से संबंधित विवादों को समय पर सुलझाने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पेपरलेस निशानदेही पोर्टल की शुरुआत की गई है। इससे जमीन की निशानदेही की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से की जा सकेगी जिससे विवादों में कमी आएगी और समाधान की गति तेज होगी।
जानकारी अब सीधे व्हाट्सएप पर
राजस्व विभाग की सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने के लिए व्हाट्सएप चैटबोट सेवा शुरू की गई है। नागरिक अब राजस्व से जुड़ी जानकारी और सेवाएं अपने मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली के माध्यम से अब अदालतों में लंबित मामलों की डिजिटल निगरानी की जा सकेगी। इससे मामलों के त्वरित निपटान में मदद मिलेगी और न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी।
सेवा पखवाड़ा के तहत पहल
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि पूरे देश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में हरियाणा सरकार भी जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार की जनकल्याणकारी डिजिटल पहल कर रही है।
प्रदेशवासियों से अपील
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री सैनी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इन डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और नई तकनीकों के साथ जुड़कर प्रदेश को आगे ले जाने में सहयोग दें।