यमुनापार को मिली बड़ी सौगात, सीएम रेखा गुप्ता ने 6 लेन नंद नगरी फ्लाईओवर का किया उद्घाटन,

CM Rekha Gupta:(नई दिल्ली): नवरात्रि के शुभ अवसर पर दिल्ली को एक नई अधोसंरचनात्मक सौगात मिली। नंद नगरी से गगन सिनेमा तक बने छह लेन वाले फ्लाईओवर का भव्य उद्घाटन रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री प्रवेश वर्मा और सांसद मनोज तिवारी की उपस्थिति में किया गया। यह फ्लाईओवर दिल्ली के यमुनापार क्षेत्र के लाखों नागरिकों को जाम से राहत देने का काम करेगा।

दिल्ली से गाजियाबाद का सफर हुआ आसान

करीब 1.4 किमी लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक से किया गया है, जो सिंगल पिलर पर आधारित है। इसके नीचे छह यू-टर्न भी बनाए गए हैं, जिससे लोकल ट्रैफिक को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। फ्लाईओवर के शुरू होने से नंद नगरी, गोकुलपुरी, भजनपुरा जैसे इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। इसके साथ ही, गाजियाबाद से दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को भी एक वैकल्पिक और तेज़ रास्ता मिल गया है।

लोगों को जाम से मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि सेवा पखवाड़े के तहत यह फ्लाईओवर यमुनापार के लोगों के लिए एक बहुत बड़ी सौगात है। उन्होंने बताया कि अब हर दिन लाखों वाहन इस फ्लाईओवर से बिना किसी रुकावट के गुजर सकेंगे, जिससे प्रति वाहन चालक औसतन 15 मिनट की समय बचत होगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने इसे भाजपा सरकार की ‘गति, संकल्प और सुशासन’ का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कई वर्षों से रुकी हुई थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे केवल 7 महीनों में पूरा कर दिखाया। उन्होंने कहा कि यह फ्लाईओवर न केवल ट्रैफिक सुविधा देगा, बल्कि यमुनापार के लाखों परिवारों के जीवन को भी सहज बनाएगा।

यमुनापार में और बनेंगे फ्लाईओवर

कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि यमुनापार की ट्रैफिक समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जितने भी फ्लाईओवर और ट्रैफिक सुधार के प्रोजेक्ट चाहिए होंगे, उन्हें बिना देरी के पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं और फंड की कोई कमी नहीं है। इसके साथ ही, इसी मार्ग पर एक डबल डेकर फ्लाईओवर का भी निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें मेट्रो और सड़क दोनों का संचालन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *