ओडिशा में पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला ,कहा- जनता को लूटने का नहीं छोड़ा कोई मौका

PM Modi Odisha speech 2025: (झारसुगुड़ा)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा में ‘नमो युवा समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश की आम जनता को लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ा, यहां तक कि कम आय वर्ग के लोगों पर भी कर लगा दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सालाना दो लाख रुपये कमाने वालों से भी कर वसूला जाता था, जबकि भाजपा सरकार ने इसे बढ़ाकर 12 लाख रुपये से अधिक कर दिया है। उन्होंने जनता को आगाह किया कि वे कांग्रेस और उसके सहयोगियों से सावधान रहें, क्योंकि वे हर स्तर पर लोगों को लूटते हैं।”

जनता को राहत नहीं देना चाहती कांग्रेस

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि जब केंद्र सरकार ने वस्तु एवं सेवा कर(जीएसटी) व्यवस्था को सरल बनाने के लिए सुधार किए और आम लोगों को राहत देने की कोशिश की, तो कांग्रेस ने भाजपा सरकार की आलोचना शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि जब केंद्र ने सीमेंट की कीमतें घटाईं, तब हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने उस पर अतिरिक्त कर लगा दिया।

हमने जब जीएसटी दरें घटाईं, तो पूरे देश में कीमतों में गिरावट आई। लेकिन कांग्रेस चाहती ही नहीं कि आम आदमी को इसका लाभ मिले। पीएम मोदी ने कहा हाल ही में जीएसटी परिषद ने कर दरों को दो स्लैब 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत में युक्तिसंगत किया है, जो 22 सितंबर से लागू है। इससे कई सेवाओं और उत्पादों की कीमतों में कमी आने की संभावना है।

गरीबी झेलने वाला ओडिशा अब समृद्धि की राह पर

प्रधानमंत्री ने ओडिशा की विकास यात्रा की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार यानी केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार के कारण ओडिशा अब तेजी से प्रगति कर रहा है। कई दशकों तक गरीबी झेलने वाला ओडिशा अब समृद्धि की राह पर है

आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर

उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, दलितों और आदिवासियों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि केंद्र ने ओडिशा में दो सेमीकंडक्टर निर्माण इकाइयों को मंजूरी दी है, जो राज्य को तकनीकी क्षेत्र में आगे ले जाएंगी।प्रधानमंत्री ने अपने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विज़न पर भी ज़ोर दिया और कहा हमारा संकल्प है कि चिप से लेकर शिप तक भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *