गन्नौर में युवा सम्मान समारोह बोले केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, कहा-अब योग्यता ही बनेगी सफलता की सीढ़ी

Manohar Lal Khattar Ganaur speech: (सोनीपत): हरियाणा के गन्नौर में शनिवार को आयोजित युवा सम्मान समारोह में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहरलाल खट्टर ने कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरी की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बना दिया है। उन्होंने दावा किया कि अब युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी मिल रही है और राज्य में रोजगार सिर्फ योग्यता के आधार पर दिया जा रहा है।

यह समारोह देवा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित किया गया था, जो गन्नौर से निर्दलीय विधायक देवेंद्र का दियान द्वारा संचालित की जा रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी, टैबलेट और साइकिल भेंट कर उन्हें सम्मानित किया और कहा कि यह संस्था समाज सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। इस दौरान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक, स्थानीय नेता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

देवेंद्र कादियान हैं त्याग और सेवा की मिसाल

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विधायक देवेंद्र कादियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि भले ही उन्हें भाजपा का टिकट नहीं मिला, फिर भी उन्होंने पार्टी का समर्थन किया और जनता ने उन्हें निर्दलीय विधायक के रूप में चुना। देवेंद्र कादियान का जीवन त्याग और सेवा की मिसाल है। वह समाजहित के लिए बिना किसी स्वार्थ के कार्य कर रहे हैं।

पीएम मोदी को बताया प्रेरणा

मंत्री मनोहर खट्टर ने मंच से अपने विचार रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श बताया और कहा कि वे भी उनके पदचिन्हों पर चलकर समाजहित में कार्य कर रहे हैं। पीएम मोदी जी आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनका नेतृत्व प्रेरणादायक है उन्होंने कहा। केंद्रीय मंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे नेताओं के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब समय बदल चुका है, जब नौकरी केवल पैसे और सिफारिश से मिलती थी। आज सिर्फ काबिलियत ही सफलता की कुंजी है।

गन्नौर क्षेत्र के लिए विकास की बड़ी घोषणाएं

बता दें कि अपने संबोधन के दौरान मनोहर लाल खट्टर ने गन्नौर और आसपास के इलाकों में बड़े विकास कार्यों की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि जल्द ही गोहाना–गन्नौर–बड़ौत मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।

इसके साथ ही गन्नौर में प्रस्तावित इंटरनेशनल फल एवं सब्जी मंडी की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि रैपिड मेट्रो को करनाल तक विस्तार देने की योजना पर काम हो रहा है, जिससे एनसीआर से हरियाणा के इस हिस्से को बेहतर ढंग से जोड़ा जा सके। गन्नौर क्षेत्र में आईएमटी (इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप) और आईआईटी (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान) के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इन संस्थानों से युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। खट्टर ने कहा कि हरियाणा में अब विकास सिर्फ गुरुग्राम तक सीमित नहीं है। सोनीपत, गन्नौर जैसे क्षेत्र अब तेजी से उभर रहे हैं। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही हम जर्मनी को पीछे छोड़ देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *