CM Rekha Gupta announcement: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने रामलीला, दुर्गा पूजा और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों को रात 10 बजे से बढ़ाकर रात 12 बजे तक चलाने की अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि इससे त्योहारों का असली आनंद लोगों को मिल सकेगा और सांस्कृतिक आयोजनों को समर्थन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, “दिल्ली में रामराज्य आना चाहिए और इसके लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।” उन्होंने सवाल उठाया कि “कौन सी रामलीला रात 10 बजे खत्म होती है? दुर्गा पूजा तो रात 10 बजे खत्म नहीं हो सकती।” उन्होंने गुजरात के उदाहरण का भी जिक्र किया जहां पूरे त्योहारों के दौरान रात भर डांडिया होता है। उन्होंने कहा तो दिल्ली वालों का क्या कसूर?” इसी वजह से इस बार दिल्ली सरकार ने आयोजनों को रात 12 बजे तक जारी रखने की अनुमति दी है।
समय सीमा में बदलाव और नियम
दिल्ली सरकार ने सोमवार को लाउडस्पीकर और जनसंपर्क प्रणालियों के उपयोग के समय को रात 10 बजे से बढ़ाकर रात 12 बजे कर दिया है। यह छूट 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लागू रहेगी। इस फैसले को दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने मंजूरी दी है। इसके साथ ही आवासीय इलाकों में ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए 45 डेसिबल की सीमा तय की गई है।
आयोजकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन न करें। इससे आवासीय क्षेत्रों में रहने वालों को ज्यादा परेशानी न हो। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि रामलीला समितियां लंबे समय से इस मांग को लेकर सरकार से आग्रह कर रही थीं।
त्योहारों को मिलेगा बेहतर मंच
इस निर्णय से सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों को बेहतर वातावरण मिलेगा और लोग त्योहारों का आनंद देर तक ले सकेंगे। इससे आयोजकों को भी राहत मिलेगी क्योंकि वे अपने कार्यक्रम पूरे समय बिना बाधा के आयोजित कर पाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इस नई व्यवस्था का सम्मान करें और नियमों का पालन करें ताकि सभी का त्योहार सुखद और शांतिपूर्ण रहे।