भारत अगले तीन साल में नवाचार के टॉप 10 देशों में शामिल होगा: गृह मंत्री अमित शाह

Amit Shah Statement: (गांधीनगर): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि पिछले दस सालों में भारत की वैश्विक नवाचार सूचकांक (ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स) में रैंकिंग 91 से बढ़कर 38 हो गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले तीन सालों में भारत दुनिया के टॉप 10 नवाचार देशों में शामिल हो जाएगा।

‘स्टार्टअप इंडिया अभियान से देश को मिली नई पहचान

अमित शाह ने यह बात गुजरात सरकार के ‘स्टार्टअप कॉन्क्लेव’ के उद्घाटन समारोह में कही। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2016 में शुरू किए गए ‘स्टार्टअप इंडिया’ अभियान के चलते देश में स्टार्टअप की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। यह योजना युवाओं को नौकरी मांगने वाले से नौकरी देने वाले में बदलने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि 2014 में भारत में सिर्फ 500 स्टार्टअप थे, जो अब बढ़कर लगभग 1.92 लाख हो गए हैं। साथ ही, यूनिकॉर्न स्टार्टअप की संख्या चार से बढ़कर 120 से अधिक हो गई है। इन यूनिकॉर्न्स का संयुक्त बाजार मूल्य 35 अरब अमेरिकी डॉलर से ऊपर है।

रोजगार के नए बने अवसर

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि कुल स्टार्टअप में से 52 प्रतिशत छोटे और मझोले शहरों में स्थित हैं। इसके अलावा, 48 प्रतिशत स्टार्टअप महिलाओं द्वारा शुरू किए गए हैं, जो देश में नवाचार के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को दर्शाता है। अमित शाह ने कहा कि स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र ने अब तक लगभग 17.90 लाख लोगों को रोजगार दिया है। हर साल करीब 17,000 नए स्टार्टअप बनते हैं, जिनमें से 9,000 छोटे और मझोले शहरों में स्थित हैं। इससे साफ दिखता है कि स्टार्टअप रोजगार पैदा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

उन्होंने कहा सरकार ने स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का ‘फंड ऑफ फंड्स’ बनाया है। इसके अलावा, स्टार्टअप के लिए अधिकतम ऋण सीमा 10 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 20 करोड़ रुपये कर दी गई है। साथ ही, कई कर रियायतें भी स्टार्टअप को दी गई हैं, जिससे उनकी मदद हो रही है। अमित शाह ने उद्योग जगत और निवेशकों से कहा कि वे स्टार्टअप में निवेश करें क्योंकि इनमें से कोई कंपनी ‘यूनिकॉर्न’ बनकर बड़ी संपत्ति बना सकती है। उन्होंने कहा, “यह न सिर्फ निवेशकों के लिए फायदेमंद होगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।”

गुजरात में स्टार्टअप की क्रांति

गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात की भी तारीफ की और कहा कि राज्य में स्टार्टअप क्षेत्र में बहुत तेजी आई है। गुजरात में 16,000 से ज्यादा स्टार्टअप हैं, जिनमें से अकेले अहमदाबाद में 6,650 स्टार्टअप हैं। गुजरात लगातार चार साल से स्टार्टअप के क्षेत्र में सबसे बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। अमित शाह ने कहा, “हमारे युवाओं की क्षमता को देखकर मुझे पूरा भरोसा है कि भारत अगले तीन वर्षों में नवाचार के क्षेत्र में शीर्ष 10 देशों में शामिल होगा और दुनिया में अग्रणी बनेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *