PM Modi on Ayushman Bharat: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना को शुरू हुए आज सात साल हो गए हैं। यह योजना भारत के गरीब और बुजुर्ग लोगों के लिए एक बड़ी मदद साबित हुई है। इस योजना के तहत हर साल पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलता है। इसका मतलब है कि अगर किसी गरीब या बुजुर्ग व्यक्ति को बड़ी बीमारी होती है, तो उसका इलाज इस योजना के तहत सरकार की मदद से होता है और उसे भारी खर्चा खुद नहीं उठाना पड़ता। इससे लाखों परिवार बीमारी के समय आर्थिक तंगी से बच गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स पर दी जानकारी उन्होंने लिखा कि यह योजना न केवल उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती स्वास्थ्य सेवा देती है, बल्कि देश में एक स्वास्थ्य क्रांति भी लेकर आई है।
लाखों लोगों को मिला योजना का लाभ
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में आगे कहा कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 55 करोड़ से ज्यादा लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं। देश भर में 42 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं। ये कार्ड योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी होते हैं। इस योजना से सरकार का स्वास्थ्य सेवा पर खर्चा बढ़ा है, जो पहले 29 प्रतिशत था, अब बढ़कर 48 प्रतिशत हो गया है। इसका मतलब है कि सरकार अब ज्यादा पैसा स्वास्थ्य सेवा के लिए खर्च कर रही है। दूसरी तरफ, लोगों को खुद से इलाज पर खर्च करने वाले पैसे में कमी आई है। पहले मरीजों को अपने इलाज पर 63 प्रतिशत खर्च करना पड़ता था, जो अब घटकर 39 प्रतिशत रह गया है। इससे यह पता चलता है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवा लेने में आसानी हुई है और उनकी आर्थिक मदद हुई है।
तकनीक और करुणा से सशक्त हुआ स्वास्थ्य क्षेत्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने यह साबित कर दिया है कि बड़े पैमाने पर काम, करुणा और नई तकनीक का इस्तेमाल मिलकर लोगों की मदद कर सकता है। आयुष्मान भारत योजना के जरिए देश में स्वास्थ्य सेवा को बेहतर और सस्ता बनाया गया है। इस योजना में सरकारी और निजी अस्पताल दोनों शामिल हैं, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग लाभान्वित हो सकें। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवा को और बेहतर बनाने के लिए काम करती रहेगी। उन्होंने सभी देशवासियों से कहा कि वे इस योजना का लाभ जरूर लें और अपने परिवार के लिए इसका इस्तेमाल करें, ताकि हर व्यक्ति स्वस्थ रह सके और आर्थिक रूप से सुरक्षित भी।
आयुष्मान भारत योजना ने बीमारियों के इलाज के लिए आम लोगों के सामने आने वाली आर्थिक चुनौतियों को कम किया है। इससे गरीब और कमजोर परिवारों को जीवन में बहुत राहत मिली है। यह योजना देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।