PM Modi Varanasi visit: (वाराणसी) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए आज बृहस्पतिवार को वाराणसी पहुंचे। उनका वाराणसी आगमन भव्य स्वागत के बीच हुआ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाई अड्डे पर उनका औपचारिक स्वागत किया।
पीएम मोदी का हुआ काशी में भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री के काफिले के रास्ते पर सड़कों के किनारे हजारों लोगों ने पुष्पवर्षा की और ‘‘प्रधानमंत्री जिंदाबाद’’ के नारे लगाए। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पूरे मार्ग पर पोस्टर और बैनर लगाकर मोदी का जोरदार स्वागत किया। वाराणसी की सड़कों को खासतौर पर सजाया गया था, साथ ही शहर के कई हिस्सों में दूध और डेयरी उत्पादों पर हाल ही में किए गए जीएसटी कटौती के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करने वाले बैनर भी लगाए गए थे।
पहले ही वाराणसी पहुंचे मॉरीशस पीएम
डॉ. रामगुलाम बुधवार को वाराणसी पहुंच चुके हैं। उनका स्वागत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और राज्य के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने किया। डॉ. रामगुलाम की यह यात्रा 9 से 16 सितंबर तक की भारत यात्रा का हिस्सा है, जिसमें वह दिल्ली, वाराणसी और अन्य स्थानों का दौरा कर रहे हैं। भाजपा नेता अरविंद मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी पहले भी विदेशी नेताओं की मेजबानी कर चुके हैं, जैसे जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, लेकिन काशी में यह पहली औपचारिक वार्ता है
गंगा आरती और काशी विश्वनाथ दर्शन
बता दें कि शुक्रवार की सुबह प्रधानमंत्री रामगुलाम काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके के बाद मॉरीशस प्रतिनिधिमंडल गंगा आरती में भाग लेगा। । इस दौरान एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जो दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को दर्शाएगा।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के बीच होने वाली द्विपक्षीय बैठक में दोनों देशों के बीच विकास साझेदारी, दक्षता विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा और समुद्री अर्थव्यवस्था जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर भी बातचीत होगी।