PM Narendra Modi: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया टिप्पणियों का स्वागत करते हुए कहा कि वे उनसे बातचीत के लिए उत्सुक हैं। ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को लेकर आशावादी रुख अपनाते हुए कहा था कि समझौते तक पहुंचने में कोई मुश्किल नहीं होगी।
जल्द पूरा होगा व्यापार समझौता
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत और अमेरिका घनिष्ठ मित्र हैं और दोनों देश व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह वार्ता दोनों देशों के बीच साझेदारी को और मजबूत बनाएगी। पीएम मोदी ने कहा”मैं राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत के लिए उत्सुक हूं। हम मिलकर दोनों देशों के नागरिकों के लिए एक उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करेंगे। पीएम मोदी की यह प्रतिक्रिया ट्रंप की उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आई है जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को “अच्छा दोस्त” बताया और व्यापार वार्ता को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।
ट्रंप ने फिर की भारत की सराहना
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता का सफल नतीजा निकलेगा। उन्होंने लिखा कि जल्द ही वह प्रधानमंत्री मोदी से बात करेंगे। ट्रंप ने यह भी दोहराया कि भारत के साथ अमेरिका के रिश्ते मजबूत हैं और आगे और बेहतर होंगे। यह दूसरी बार है जब ट्रंप ने हाल के हफ्तों में भारत और प्रधानमंत्री मोदी की खुलकर प्रशंसा की है।
टैरिफ विवाद के बाद रिश्तों में नरमी
गौरतलब है कि कुछ सप्ताह पहले अमेरिका ने भारत पर 50 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाया था, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था। ट्रंप की सख्त टिप्पणियों के बाद रिश्तों में खटास आ गई थी, लेकिन अब दोनों नेताओं की सकारात्मक टिप्पणियों से रिश्तों में सुधार के संकेत मिल रहे हैं।