Mandi Sunder Nagar landslide (मंडी): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में मंगलवार शाम को हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) से दो घर मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, जबकि मौके पर सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। हादसा मंगलवार शाम करीब 6 बजे सुंदरनगर के जंगम बाग क्षेत्र में हुआ, जब अचानक पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा। इस मलबे की चपेट में दो रिहायशी मकान आ गए। घटना के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था।
मां-बेटे की जोड़ी का मिला है शव
मलबा हटाने के दौरान बुधवार सुबह तीन और शव निकाले गए, जिससे मृतकों की कुल संख्या 6 हो गई है। पहले दिन मां-बेटी समेत तीन शव मिले थे। अब, रेस्क्यू टीम को एक और मां-बेटे की जोड़ी का शव मिला है, जिन्हें घर की छत काटकर बाहर निकाला गया। इनकी पहचान सुरेंद्र कौर और उनके बेटे गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वहीं, एक अन्य शव मलबे में दबे स्कूटर के साथ बरामद किया गया है। उसकी पहचान प्रकाश वर्मा, निवासी डढ़याल, के रूप में हुई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
SUV और अन्य लोगों के भी दबे होने की आशंका
सुंदरनगर के विधायक राकेश जामवाल ने बताया कि घटना के वक्त एक SUV वाहन उस स्थान से गुजर रहा था, जो मलबे में दब गया है। SUV का ड्राइवर अभी लापता है और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। मौके पर मौजूद टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। मंडी के जिलाधिकारी अपूर्व देवगन ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति अपनी कार में सवार था, जिसे भी मलबे में दबे होने की आशंका है। घटनास्थल पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें 24 घंटे बचाव कार्य में जुटी हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई कसर नहीं
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि भारी मशीनों और मैन्युअल तरीकों से मलबा हटाया जा रहा है। मलबे में एक और टाटा सूमो के दबे होने की सूचना भी मिली है। रेस्क्यू टीम हर एंगल से खोजबीन कर रही है ताकि कोई भी जीवित या मृत व्यक्ति न छूटे। घटना के बाद आसपास के इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है और स्थानीय लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। साथ ही मौसम विभाग की ओर से बारिश और भूस्खलन की चेतावनी भी जारी की गई है।