MP को मिली बड़ी सौगात, मंत्री नितिन गडकरी और CM मोहन यादव ने सबसे लंबे फ्लाईओवर का किया उद्घाटन

Nitin Gadkari and cm Mohan Yadav

Longest flyover in MP: (जबलपुर): मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर को शनिवार को एक बड़ी सौगात मिली, जब केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश के सबसे लंबे फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इस आधुनिक फ्लाईओवर को शहरी यातायात के प्रबंधन और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

कम समय में सफर बनेगा बेहद आसान

करीब 7 किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर मदन महल से दमोह नाका तक के सफर को बेहद आसान बना देगा। अधिकारियों ने बताया कि पहले यह यात्रा 40–45 मिनट में पूरी होती थी, लेकिन फ्लाईओवर के शुरू होने से यह समय घटकर 6–7 मिनट हो जाएगा। यह परियोजना जबलपुर शहर के ट्रैफिक को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कितने रुपये की लागत से हुआ निर्माण

इस फ्लाईओवर का निर्माण लगभग 1,200 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। यह मध्यप्रदेश का पहला ऐसा प्रोजेक्ट है जिसमें इतने बड़े स्तर पर एकीकृत शहरी और तकनीकी सुविधाएं एक साथ विकसित की गई हैं।

क्या है इस फ्लाईओवर की खासियत

फ्लाईओवर की सबसे बड़ी विशेषता है 192 मीटर लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज, जो रेलवे लाइन के ऊपर बनाया गया है। इसके अलावा इस परियोजना में तीन बो-स्ट्रिंग ब्रिज भी शामिल हैं दो रानीताल में और एक बलदेवबाग में। प्रत्येक ब्रिज 70 मीटर लंबा है और स्टील से निर्मित है, जिससे इनकी मजबूती और स्थायित्व सुनिश्चित होता है।

हरियाली और खेल सुविधाएं

पर्यावरण संतुलन के लिए फ्लाईओवर के नीचे 50,000 पौधे लगाए गए हैं। साथ ही, स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बास्केटबॉल कोर्ट, ओपन जिम और बच्चों के लिए पार्क जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। मार्गदर्शन के लिए 10 दिशा-सूचक भी लगाए गए हैं।

2023 में हुआ था पहले चरण का उद्घाटन

इस फ्लाईओवर की आधारशिला 2019 में नितिन गडकरी ने रखी थी। बाद में, सितंबर 2023 में, तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसके एक हिस्से ‘छोटी लाइन से गुलाटी पेट्रोल पंप’ तक का उद्घाटन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *