PM Modi on National Space Day: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर देश के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों, युवाओं और नीति निर्माताओं से अपील करते कहा कि वे मानवता के भविष्य को उज्जवल बनाने वाले रहस्यों की खोज के लिए गहरे अंतरिक्ष के अन्वेषण की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि भारत ने चंद्रमा और मंगल ग्रह तक अपनी सफलता दर्ज कर ली है और अब अगला लक्ष्य अंतरिक्ष के और भी गहरे हिस्सों का अवलोकन करना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक वीडियो संबोधन में कहा, “हम चंद्रमा और मंगल तक पहुंच गए हैं, अब हमें गहरे अंतरिक्ष का अवलोकन करना है, जहां ऐसे कई रहस्य छिपे हैं जो मानवता के भविष्य के लिए लाभकारी होंगे।” उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई खोजों और मिशनों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भारत भविष्य के मिशनों के लिए अंतरिक्ष यात्रियों का एक समूह बनाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने युवाओं से इस अंतरिक्ष यात्रियों के समूह का हिस्सा बनने का आग्रह भी किया।
आकाशगंगाओं से परे हमारा क्षितिज
प्रधानमंत्री मोदी ने देश भर के वैज्ञानिकों, छात्रों और नीति निर्माताओं को संबोधित करते हुए कहा, “हमारा क्षितिज आकाशगंगाओं से परे है। अनंत ब्रह्मांड हमें यह सिखाता है कि कोई भी सीमा अंतिम सीमा नहीं होती। अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी नीति बनाने वाले इस बात को समझें कि कोई अंतिम सीमा नहीं होनी चाहिए।”
भारत जल्द बनाएगा अपना अंतरिक्ष स्टेशन
पीएम मोदी ने कहा कि देश ने अंतरिक्ष तकनीकों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। “भारत विद्युत प्रणोदन, अर्ध-क्रायोजेनिक इंजन जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों में तेजी से आगे बढ़ रहा है,” प्रधानमंत्री ने कहा कि वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत के चलते भारत जल्द ही अपना गगनयान मिशन लॉन्च करेगा और अपना अंतरिक्ष स्टेशन भी बनाएगा।
निजी क्षेत्र के लिए चुनौती
प्रधानमंत्री मोदी ने निजी क्षेत्र को भी चुनौती दी। उन्होंने सवाल किया, “क्या अगले पांच वर्षों में भारत के पांच स्टार्टअप यूनिकॉर्न बन सकते हैं?” उन्होंने अंतरिक्ष वैज्ञानिकों और इंजीनियरों से कहा कि वे निजी क्षेत्र के साथ मिलकर काम करें। ताकि भारत हर साल 50 रॉकेट लॉन्च करने के स्तर तक पहुंच सके। पीएम मोदी ने कहा कि अगर हम मिलकर प्रयास करें और नई तकनीकों को अपनाएं तो यह संभव है।
युवाओं को अंतरिक्ष की ओर किया प्रोत्साहित
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश के भविष्य की ताकत हैं और उनका अंतरिक्ष विज्ञान में योगदान देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण होगा। पीएम मोदी ने कहा, “हमें अपने युवाओं को अंतरिक्ष के प्रति आकर्षित करना होगा। ताकि वे इस क्षेत्र में करियर बनाएं और भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।”
भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र में तेजी से बढ़ता कदम
पीएम मोदी ने कहा भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अंतरिक्ष के क्षेत्र में बहुत सारी उपलब्धियां हासिल की हैं। चंद्रयान और मंगलयान मिशन की सफलता ने देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये मिशन केवल शुरुआत हैं और देश की महत्वाकांक्षाएं इससे कहीं आगे हैं। उन्होंने आशा जताई कि आने वाले वर्षों में भारत अंतरिक्ष के क्षेत्र में और भी बड़ी सफलताएं हासिल करेगा।