शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का ऐलान, “अब भारत चांद पर उतारेगा इंसान”

Moon

India Human Moon Mission: लोकसभा में सोमवार को विपक्षी दलों के हंगामे के बीच केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारत के मून मिशन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब 2040 तक एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। यह बयान उन्होंने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सफल वापसी के अवसर पर हुई विशेष चर्चा के दौरान दिया।

शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा को बताया गर्व का पल

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने दो बार स्थगन के बाद दोपहर दो बजे ‘अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री’ विषय पर विशेष चर्चा की शुरुआत कराई। उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए गर्व और उत्साह का क्षण है। शुभांशु शुक्ला की यात्रा सिर्फ एक मिशन नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”

शुभांशु की यात्रा में इस्तेमाल हुई स्वदेशी किट

मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि शुभांशु शुक्ला की यात्रा में ‘स्वदेशी किट’ का उपयोग हुआ, जो आत्मनिर्भर भारत के विजन को दर्शाता है। उन्होंने कहाकि अंतरिक्ष मिशन और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए भारत ने अपनी क्षमताएं पूरी दुनिया को दिखाई हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम धीमी गति से चला, जबकि अब प्रौद्योगिकी और निजी क्षेत्र की भागीदारी से अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है।

भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में उछाल

जितेंद्र सिंह ने बताया कि 2020 में निजी क्षेत्र के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र खोलने के बाद भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था 8 अरब डॉलर तक पहुंच चुकी है और अगले दशक में 45 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है।
विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने कहा, “यह दुखद है कि जब देश जश्न मना रहा है, विपक्ष वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष यात्रियों को बधाई देने को भी तैयार नहीं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *