Landslide in Ramban:(रामबन): जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सोमवार तड़के भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाओं के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस मार्ग के बंद होने से कश्मीर घाटी का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क अस्थायी रूप से टूट गया है।
अधिकारियों ने बताया कि रामबन के मरूग, मंकी मोड़, और उधमपुर जिले में शारदा माता मंदिर के पास राजमार्ग के कई हिस्सों पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने की सूचना है। इसके चलते सड़क पर यातायात पूरी तरह रुक गया है और सफाई कार्य जारी है।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
भूस्खलन और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण राहत और सफाई कार्य में बाधा आ रही है। जम्मू-कश्मीर यातायात पुलिस विभाग की ओर से जारी एक परामर्श में कहा गया है कई जगहों पर लगातार पत्थर गिरने और भारी बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे मौसम में सुधार और सड़क से मलबा हटाए जाने तक यात्रा न करें। विभाग ने यह भी चेताया कि यदि वैकल्पिक मार्गों जैसे मुगल रोड और सिंथन रोड का उपयोग किया जा रहा है, तो यातायात अनुशासन का पालन अनिवार्य है, क्योंकि ओवरटेक करने या भीड़ बढ़ने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
जरूरी सेवाओं की आपूर्ति पर पड़ सकता है असर
प्रशासन ने जेसीबी मशीनों और श्रमिकों को मौके पर तैनात किया है, जो सड़क से मलबा हटाने में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि हालात सामान्य होते ही सड़क को यातायात के लिए खोलने की पूरी कोशिश की जाएगी। इस मार्ग के बंद होने से खाद्य सामग्री, दवाओं और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर असर पड़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास रखने की अपील की है।