Manohar Lal Khattar meeting with party workers (करनाल): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को करनाल स्थित कर्ण कमल पार्टी कार्यालय में ज़िला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
खट्टर ने की कार्यकर्ताओं की तारीफ
खट्टर ने बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो हर परिस्थिति में संघर्षशील रहते हुए प्रदेश के विकास और जनता की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को मज़बूत बनाना तभी संभव है जब हर कार्यकर्ता अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा और लगन से निभाए। उन्होंने संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा करते हुए ज़िला स्तर पर चल रहे अभियानों की प्रगति की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं से उनके अनुभव साझा करने को कहा। इस दौरान विभिन्न सुझावों और समस्याओं पर भी खुलकर चर्चा की गई।
भाजपा के कार्यों को ले जाएं जनता के बीच
मनोहर लाल ने कहा, “हरियाणा में भाजपा सरकार ने पिछले वर्षों में जो विकास कार्य किए हैं, उन्हें जनता के बीच ले जाना और जनसंपर्क को मज़बूत करना हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने आगामी कार्यक्रमों के लिए दिशा-निर्देश भी दिए और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। बैठक के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ की हड्डी है।