PM Modi inaugurated two highways in Delhi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में यातायात जाम को कम करने और कनेक्टिविटी सुधारने के उद्देश्य से लगभग 11,000 करोड़ रुपये की लागत से बने द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली खंड और शहरी विस्तार मार्ग-2 (UER-2) का उद्घाटन किया। इन दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुगम यात्रा, कम समय में गंतव्य तक पहुंच और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाना है।
दिल्ली के साथ हरियाणा को भी बड़ा फायदा
इन मार्गों के चालू होने से दिल्लीवासियों के साथ हरियाणा के सोनीपत, रोहतक, बहादुरगढ़ और गुरुग्रामवासियों को बहुत फायदा होगा। अब इन जगहों से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक की यात्रा काफी तेज हो जाएगी। इससे उनका घंटों का समय बचेगा।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
दोनों राजमार्गों का उद्घाटन करते प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “द्वारका एक्सप्रेसवे और यूईआर-दो से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बड़ा लाभ होगा। सरकार दिल्ली के नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार प्रयासरत है।” उन्होंने कहा कि शहरी विस्तार मार्ग को विशेष रूप से टिकाऊ तरीके से बनाया गया है, जिसमें लाखों टन कचरे का वैज्ञानिक रूप से पुनः उपयोग किया गया, जिससे कचरे की समस्या के समाधान में योगदान मिला और यह अपशिष्ट अब एक मूल्यवान संसाधन बन गया।
पारदर्शिता और रोजगार पर जोर
पीएम मोदी ने हरियाणा की पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले नौकरियों में पारदर्शिता नहीं थी, लेकिन भाजपा सरकार ने लाखों युवाओं को निष्पक्ष तरीके से रोजगार प्रदान किया है। अब बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दिया जा रहा है, जिससे निवेश और रोजगार दोनों में वृद्धि हो रही है।
परियोजनाओं का विवरण
द्वारका एक्सप्रेसवे (दिल्ली खंड):
लंबाई: 10.1 किलोमीटर
लागत: लगभग ₹5,360 करोड़
यह खंड यशोभूमि, मेट्रो की ब्लू और ऑरेंज लाइन, बिजवासन रेलवे स्टेशन, और द्वारका क्लस्टर बस डिपो से मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी प्रदान करता है।
इसे दो हिस्सों में बांटा गया है:
पहला: 5.9 किमी (शिव मूर्ति चौराहे से द्वारका सेक्टर-21)
दूसरा: 4.2 किमी (द्वारका सेक्टर-21 आरयूबी से दिल्ली-हरियाणा सीमा)
शहरी विस्तार मार्ग-2 (UER-2):
लंबाई: अलीपुर से दिचाऊ कलां तक
लागत: ₹5,580 करोड़
इससे मुकरबा चौक, धौला कुआं, एनएच-9, इनर और आउटर रिंग रोड जैसे व्यस्त क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा।
मार्च 2024 में प्रधानमंत्री ने द्वारका एक्सप्रेसवे का हरियाणा खंड (19 किमी) पहले ही उद्घाटित किया था।
नितिन गडकरी भी रहे मौजूद
उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इन दोनों मार्गों से दिल्ली में ट्रैफिक जाम में 50% तक की कमी आने की संभावना है। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे। उन्होंने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया।