Himachal Assembly monsoon session (शिमला): हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बहुप्रतीक्षित मानसून सत्र आगामी 18 अगस्त से आरंभ होगा। सत्र की तैयारियों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अब तक आए 635 तारांकित प्रश्न
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि अब तक सदस्यों द्वारा 635 तारांकित प्रश्न और 127 अतारांकित प्रश्न प्राप्त हुए हैं। इन सवालों के माध्यम से राज्य के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद की जा रही है, जिससे सत्र के दौरान राज्य सरकार की जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
18 अगस्त को सर्वदलीय बैठक
सत्र शुरू होने से पहले 18 अगस्त को दोपहर 12 बजे सर्वदलीय बैठक भी आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि सत्र के दौरान विधायी कार्य निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि मानसून सत्र की तारीखों और बैठकों की रूपरेखा तय कर ली गई है। उन्होंने कहा, “इस वर्ष विधानसभा की 35 बैठकों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हमारा प्रयास है कि हिमाचल विधानसभा की कार्यशैली देश की अन्य विधानसभाओं के लिए भी एक उदाहरण बने।”
मीडिया के साथ संवाद
14 अगस्त को मीडिया प्रतिनिधियों के साथ भी एक विशेष बैठक प्रस्तावित है, जिसमें विधानसभा कार्यों की रिपोर्टिंग को लेकर दिशा-निर्देश साझा किए जाएंगे। अध्यक्ष पठानिया ने सत्र के सफल संचालन के लिए सभी विधायकों और मीडिया से सहयोग की अपील की है।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा सुनिश्चित करना है। सभी पक्षों से अपेक्षा है कि वे गरिमा बनाए रखते हुए सत्र को रचनात्मक बनाएं। मानसून सत्र को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं और विधानसभा परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।