Nuclear blackmail: (नई दिल्ली): पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर द्वारा अमेरिका में भारत को दी गई परमाणु हमले की धमकी पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि परमाणु हथियारों की धमकी देना पाकिस्तान की पुरानी आदत है और इससे उसकी परमाणु कमान की विश्वसनीयता पर पहले से मौजूद संदेह और गहरे हो गए हैं। भारत इससे डरने वाला नहीं है।
मुनीर ने अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के टाम्पा शहर में पाकिस्तानी प्रवासियों को संबोधित करते हुए कथित तौर पर कहा था कि यदि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया तो इस्लामाबाद भारतीय बुनियादी ढांचे को नष्ट कर देगा। उन्होंने यह भी कहा, “हम एक परमाणु राष्ट्र हैं। अगर हमें लगता है कि हम नीचे जा रहे हैं तो हम अपने साथ आधी दुनिया को भी नीचे ले जाएंगे।”
भारत ने दी स्पष्ट चेतावनी
भारत ने दो टूक शब्दों में कहा कि वह “परमाणु ब्लैकमेल” के आगे नहीं झुकेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि किसी तीसरे मित्र देश (संकेत अमेरिका की ओर) की धरती से ऐसी धमकी दिया जाना बेहद खेदजनक है।
पाकिस्तान की सैन्य-आतंकी सांठगांठ पर फिर उठे सवाल
भारत ने मुनीर की इस टिप्पणी को पाकिस्तान में सेना और आतंकी संगठनों के बीच गहरे संबंधों का संकेत बताते हुए कहा कि इस प्रकार के बयान पाकिस्तान में लोकतंत्र की वास्तविक स्थिति को उजागर करते हैं, जहां सेना ही असल में सत्ता पर काबिज है।
अमेरिका की भूमिका पर संकेत
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि जब भी अमेरिका पाकिस्तानी सेना का समर्थन करता है, पाकिस्तान का सैन्य नेतृत्व उग्र तेवर दिखाने लगता है। एक सूत्र ने यह भी संभावना जताई कि अमेरिका से समर्थन पाकर पाकिस्तान में सैन्य तख्तापलट की भूमिका तैयार की जा रही है, जिससे फील्ड मार्शल मुनीर को राष्ट्रपति पद तक पहुंचाया जा सके।
दूसरी बार अमेरिका यात्रा पर हैं मुनीर
गौरतलब है कि यह दो महीनों में फील्ड मार्शल मुनीर की दूसरी अमेरिका यात्रा है, जो इस समय कई तरह की सामरिक और राजनयिक चर्चाओं का केंद्र बनी हुई है।