शिमला में शुरू हुई राज्य की पहली रोबोटिक सर्जरी यूनिट, सीएम सुक्खू ने किया शुभारंभ

सुखविंदर सिंह सुक्खू, सीएम, हिमाचल प्रदेश।

Robotic surgery started in Shimla: हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को राजधानी शिमला स्थित अटल इंस्टीच्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी, चमियाणा में राज्य की पहली रोबोटिक सर्जरी यूनिट का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के दिन ही प्रोस्टेट कैंसर की पहली सर्जरी

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह भी मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान रोबोटिक तकनीक से प्रोस्टेट कैंसर के एक मरीज की पहली सर्जरी भी की गई, जिसे दिल्ली के मैक्स अस्पताल से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अंजाम दिया।

प्रदेश में विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवा है लक्ष्य

सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा, “हम 2030 तक स्वास्थ्य क्षेत्र पर 3,000 करोड़ रुपये खर्च करेंगे और रोबोटिक सर्जरी जैसी सुविधाएं टांडा मेडिकल कॉलेज समेत अन्य संस्थानों में भी उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहली बार है जब हिमाचल में इतनी उन्नत तकनीक से ऑपरेशन किया गया है।

किडनैपिंग मामले में पुलिस को सराहना

मुख्यमंत्री ने शिमला के प्रतिष्ठित बीसीएस स्कूल के तीन बच्चों के लापता होने के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद करने में पुलिस ने बेहतरीन कार्य किया है और इस पर उन्होंने खुद निगरानी रखी थी। उन्होंने कहा, “मैं खुद इस मामले पर डीजीपी और एसपी से लगातार जानकारी ले रहा था।” उन्होंने आश्वस्त किया कि किडनैपिंग के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

आनंद शर्मा के इस्तीफे पर भी बोले सुक्खू

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा के पार्टी की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने इसे एक “साहसिक और पार्टी हित में लिया गया निर्णय” बताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पार्टी में नए चेहरों को आगे लाने की भावना को दर्शाता है। सीएम ने कहा। “आनंद शर्मा ने भी नए लोगों को मौका देने की बात कही है, जो एक स्वागत योग्य संकेत है,”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *