PM Modi Meeting With NDA: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक ली। इस दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ छाया रहा। पीएम मोदी के निर्णायक नेतृत्व में आतंक के खिलाफ पाकिस्तान को कड़े जवाब देने के लिए सम्मानित किया गया। बैठक के दौरान भाजपा और सहयोगी दलों के सांसदों ने एक स्वर में ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए और प्रधानमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।
ऑपरेशन सिंदूर की हुई सराहना
यह बैठक संसद के सत्र के दौरान राजग की जून 2024 में सरकार बनने के बाद दूसरी औपचारिक बैठक थी। इस दौरान बीजेपी नेतृत्व ने प्रधानमंत्री मोदी के साहसिक फैसलों की सराहना करते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने भारत की सुरक्षा नीति में नई मजबूती और तेजी को दर्शाया है।
आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया। इस जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की स्थिति रक्षात्मक हो गई और उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफाई देने को मजबूर होना पड़ा। बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि यह कार्रवाई न केवल हमारे सैनिकों की वीरता का प्रतीक है, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्भीक नेतृत्व का भी प्रमाण है। राजग नेताओं ने कहा कि इस तरह के सटीक और कड़े कदमों से भारत की आंतरिक सुरक्षा को लेकर दुनिया की धारणा में बड़ा बदलाव आया है।
‘डबल इंजन’ सरकार की सुरक्षा नीति की तारीफ
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि केंद्र की डबल इंजन सरकार ने आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर जो कदम उठाए हैं, उन्होंने देश की सीमाओं को अधिक सुरक्षित बनाया है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों पर भी चर्चा हुई, जिसे राजग नेताओं ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इससे सेना का मनोबल प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
नया भारत, नई नीति
राजग नेताओं ने दोहराया कि अब भारत आतंकवाद के खिलाफ “सहने वाला नहीं, जवाब देने वाला राष्ट्र” बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी को दिए गए इस सम्मान को न केवल एक राजनीतिक समर्थन, बल्कि राष्ट्रीय एकजुटता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।