स्वच्छ दिल्ली की ओर बड़ा कदम, संजय बस्ती में स्वच्छता अभियान में शामिल हुईं CM रेखा गुप्ता

Delhi Cleanliness Campaign: (नई दिल्ली): मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली के तिमारपुर क्षेत्र स्थित संजय बस्ती में चल रहे स्वच्छता अभियान ‘कूड़े से आजादी’ में हिस्सा लिया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल सरकारी ज़िम्मेदारी न मानें, बल्कि इसे सामूहिक दायित्व के रूप में निभाएं।

सीएम रेखा गुप्ता के साथ इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सूर्य प्रकाश खत्री भी मौजूद रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा पूरे शहर में यह अभियान चलाया जा रहा है ताकि सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

जनप्रतिनिधि कर रहे हैं सक्रिय भागीदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी के सभी जनप्रतिनिधि, अपने-अपने क्षेत्रों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), गैर-सरकारी संगठनों (NGO) और धार्मिक संगठनों के साथ मिलकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान 1 अगस्त से शुरू हुआ है और पूरे महीने भर चलेगा।

सीएम गुप्ता ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के लिए स्वयं आगे आएं। उन्होंने कहा आज सुबह मैंने एक वीडियो देखा जिसमें एक छोटा बच्चा बस अड्डे की सफाई कर रहा था। यह देखकर गर्व महसूस हुआ कि अब हमारी नई पीढ़ी भी स्वच्छता के प्रति जागरूक हो रही है।”

जेजे कॉलोनी और डीडीए फ्लैटों का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जेजे कॉलोनी और डीडीए फ्लैटों का भी दौरा किया। उन्होंने फ्लैटों की स्थिति की समीक्षा की और स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को आवश्यक विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

हर नागरिक की भागीदारी से ही संभव है स्वच्छ दिल्ली

मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि यदि हर नागरिक यह ठान ले कि दिल्ली को साफ रखना उसकी ज़िम्मेदारी है, तो राजधानी को स्वच्छ और सुंदर बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के बीच सकारात्मक सहयोग से ही यह अभियान सफल हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *