CM Yogi said Saharanpur: (सहारनपुर): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सहारनपुर में 381 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 15 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों, विशेष रूप से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “सनातन धर्म के बढ़ते गौरव और भारतीय संस्कृति की पुनर्स्थापना से विपक्षी दल बौखला गए हैं।”
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने न सिर्फ आतंकियों को संरक्षण दिया, बल्कि सनातन धर्म की प्रतिष्ठा को भी आघात पहुँचाने का काम किया। सीएम योगी ने मालेगांव विस्फोट मामले का हवाला देते हुए कहा कि “हिंदू नेताओं को झूठे आरोपों में फंसाने की कोशिश की गई। साथ ही रामसेतु को तोड़ने तक की योजना बनाई गई।”
भारत आज अपनी विरासत पर कर रहा है गर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भारत अपने आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को सम्मान दे रहा है। “आज देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और साथ ही अपनी प्राचीन परंपराओं का गौरव भी लौटा रहा है। यह बदलाव डबल इंजन सरकार की सोच और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें भारत की आध्यात्मिक विरासत पर गर्व नहीं है, इसलिए वे हमेशा इस पर प्रहार करते हैं।
विकास और विरासत दोनों को मिल रहा है महत्व
सीएम योगी ने सहारनपुर में विकास, विरासत और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपनी सरकार की नीति को दोहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार केवल वादे नहीं करती, बल्कि भैंसा गाड़ी नहीं, बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया, जिससे योजनाओं का लाभ केवल एक वर्ग या परिवार तक सीमित रहा। “एक परिवार की अराजकता के कारण पूरी जाति को बदनाम किया गया,” उन्होंने सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा।
महिलाओं को मिलेगा रक्षाबंधन पर तोहफा
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को तोहफा देते हुए 8, 9 और 10 अगस्त को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आने वाले त्योहारों को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता अभियान पर भी जोर दिया। “त्योहारों के इस मौसम में स्वच्छता हम सभी की जिम्मेदारी है।
15 अगस्त को ‘तिरंगा यात्रा’ का आह्वान
कार्यक्रम के अंत में सीएम योगी ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘तिरंगा यात्रा’ और राष्ट्रगान के सामूहिक आयोजन की अपील की। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को आज़ादी के इस पर्व में भागीदार बनना चाहिए और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाना चाहिए।