CM Nayab Singh Saini: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित मुख्यमंत्री शहरी और ग्रामीण आवास योजना के तहत हजारों लाभार्थियों को आवंटन पत्र सौंपे। उन्होंने इसे केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के सपनों को हकीकत में बदलने वाला क्षण बताया।
सीएम सौनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और हरियाणा की डबल इंजन सरकार मिलकर हर गरीब के सिर पर छत देने के लक्ष्य पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री ने गरीबों के उत्थान को अपने जीवन का ध्येय बना लिया है। आज उसी सोच को हम राज्य स्तर पर धरातल पर उतार रहे हैं।
3884 ग्रामीण परिवारों को मिला भूमि का अधिकार
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के अंतर्गत 58 गांवों के 3884 परिवारों को प्लॉट आवंटन के प्रमाण-पत्र सौंपे। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 30 गज के प्लॉटों का भी आवंटन किया गया।सीएम सैनी ने लाभ प्राप्त करने वाली महिलाओं को बधाई देते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कागज़ नहीं, बल्कि एक सम्मान और सुरक्षा का दस्तावेज़ है।
विकास का नया मॉडल
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पहले योजनाएं सिर्फ कागज़ों तक सीमित रहती थीं, लेकिन अब सरकार लाभार्थियों को मालिकाना हक, कब्जा और जरूरी दस्तावेज़ एक साथ दे रही है। उन्होंने बताया कि पूरी पारदर्शिता के साथ योजनाएं लागू हो रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत ₹1.38 लाख की मदद दी जा रही है। 18 लाख परिवारों को ₹500 में गैस सिलेंडर मिला है। 26,000 घरों पर सोलर पैनल लगाए गए हैं। आयुष्मान योजना में ₹2,500 करोड़ इलाज के लिए खर्च हुए हैं। 20 साल से ज्यादा समय से पंचायत भूमि पर रहने वालों को मालिकाना हक दिया गया है। अब तक हरियाणा में 1.47 लाख मकान बनाकर दिए गए हैं।
2047 के लक्ष्य की ओर ठोस कदम
कार्यक्रम के अंत में सीएम सैनी ने कहा अगर हमें भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है, तो समाज के सबसे कमजोर वर्ग को सशक्त करना आवश्यक है। हमारी सरकार इसी सोच के साथ आगे बढ़ रही है।”