Operation Akhal: (कुलगाम): जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के अखल इलाके में ऑपरेशन अखल के तहत शुक्रवार देर रात से सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस अभियान में अब तक भारतीय सेना ने एक आतंकी को मार गिराया है, हालांकि उसका शव अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है।
मुठभेड़ की शुरुआत उस समय हुई जब सुरक्षाबलों को शुक्रवार की शाम एक गुप्त सूचना मिली कि कुलगाम के अखल और देवसर क्षेत्र में 3 से 4 आतंकी छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही एसओजी, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया। जैसे ही सुरक्षाबल जंगल की ओर बढ़े, आतंकियों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ शुरू हो गई।
सुबह तक चला एनकाउंटर
सुबह 4 बजे के करीब करीब 20 मिनट तक भारी गोलीबारी हुई। इसके बाद कुछ देर के लिए फायरिंग रुक गई, लेकिन क्षेत्र में सेना की भारी तैनाती के साथ तलाशी अभियान जारी रहा। रात के अंधेरे और इलाके की भौगोलिक जटिलताओं के कारण तलाशी अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था। माना जा रहा है कि 2 से 3 आतंकी अभी भी सुरक्षा बलों के घेरे में फंसे हो सकते हैं।
पुलवामा में बड़े आतंकी हमले की साजिश को किया विफल
सूत्रों के अनुसार, एक आतंकी का शव देखा गया है, लेकिन वह अब तक सुरक्षा बलों के हाथ नहीं लग पाया है। सुरक्षाबलों की कोशिश है कि अंधेरे और संभावित खतरे को देखते हुए अभियान पूरी सतर्कता से आगे बढ़ाया जाए। इस मुठभेड़ से पहले अनंतनाग में आतंकियों के तीन मददगारों को हथियारों के एक बड़े जखीरे के साथ गिरफ्तार किया गया था, वहीं पुलवामा में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को विफल करने में भी सुरक्षा एजेंसियों को सफलता मिली थी
इलाके की घेराबंदी और तलाशी
फिलहाल, पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और तलाशी अभियान जारी है। सेना किसी भी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए अभियान को रणनीतिक रूप से अंजाम दे रही है। ऑपरेशन अखल अभी भी सक्रिय है और अधिकारियों का मानना है कि जल्द ही बाकी आतंकियों को भी ढेर कर लिया जाएगा।