Udaipur Files: “उदयपुर फाइल्स” फिल्म की रिलीज पर रोक लग जाने से इसका इंतजार कर रहे लोगों को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा इसके रिलीज पर रोक लगाए जाने के बाद केंद्र सरकार ने अपनी मंजूरी वापस ले ली है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को दिल्ली उच्च न्यायालय को सूचित किया कि वह फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स – कन्हैयालाल टेलर मर्डर’ के प्रदर्शन की स्वीकृति को वापस ले रही है।
8 अगस्त को रिलीज होनी थी फिल्म
यह फिल्म 8 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ होनी थी, लेकिन अब इसकी रिलीज़ पर कानूनी समीक्षा की जाएगी। यह जानकारी तब सामने आई जब दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला की पीठ ने इस फिल्म की रिलीज के खिलाफ दायर दो याचिकाओं पर सुनवाई की। अदालत ने याचिकाकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे 4 अगस्त को सरकार के समक्ष पेश होकर अपनी आपत्तियां और तर्क रखें।
अदालत ने साफ किया रुख
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ताओं को पेश होने के लिए कोई अतिरिक्त नोटिस जारी नहीं किया जाएगा, और उन्हें सोमवार को सुनवाई के दौरान स्थगन की मांग नहीं करनी चाहिए। अदालत ने पुनरीक्षण प्राधिकारी से कहा कि सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद वह 6 अगस्त तक कानून के अनुसार निर्णय लें।
रिलीज में होगी देरी
फिल्म निर्माता के वकील ने अदालत को बताया कि फिल्म को सिनेमाघरों में प्रदर्शित करने के लिए पूर्व-निर्धारित तैयारियां चल रही थीं और उसे रिलीज़ में देरी से व्यावसायिक नुकसान हो सकता है। इससे पहले अदालत ने केंद्र सरकार से पूछा कि किस कानूनी अधिकार के तहत फिल्म में 6 कट लगाने का आदेश दिया गया था। केंद्र के वकील ने अदालत को आश्वस्त किया कि वे पुनर्विचार करेंगे और कानून के तहत नया आदेश जारी किया जाएगा।