वाराणसी में बोले पीएम मोदी, महादेव के आशीर्वाद से बेटियों के सिंदूर का बदला हुआ पूरा

PM Modi Varanasi visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए भारत ने आतंक का करारा जवाब दिया है। उन्होंने इस ऑपरेशन की सफलता को भगवान शिव के आशीर्वाद का परिणाम बताया और बाबा विश्वनाथ के चरणों में समर्पित किया।

26 लोगों की मौत से मेरा हृदय तकलीफ से भर गया

पीएम मोदी ने कहा, “22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी। इस हमले के बाद मेरा हृदय बहुत पीड़ा में था। उन बेटियों का दर्द, उन बच्चों की आंखों में आँसू यह सब मेरे मन को व्यथित कर रहे थे। तब मैंने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की थी कि पीड़ित परिवारों को यह दुःख सहने की शक्ति मिले।”

महादेव से बेटियों के सिंदूर का बदला लेने का किया था वादा

उन्होंने कहा, “मैंने उन बेटियों के सिंदूर का बदला लेने का वादा किया था और वह वादा महादेव के आशीर्वाद से पूरा हुआ है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को मैं बाबा के चरणों में समर्पित करता हूं। 140 करोड़ देशवासियों की एकता ही इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी ताकत बनी।”

पीएम मोदी ने भोजपुरी में किया जनता से संवाद

पीएम मोदी ने भोजपुरी में अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा, “सावन के पावन महीने में हमके काशी के हमरे परिवार के लोगन से मिलय का अवसर मिलल हय। हम काशी के हर परिवार जन के प्रणाम करत हईं।” जनता ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मौजूद थे।

2,200 करोड़ की 52 परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री मोदी ने काशी में 2,183.45 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में जल, सड़क, शिक्षा, स्वच्छता और सांस्कृतिक धरोहरों से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने दालमंडी इलाके के जीर्णोद्धार की परियोजना की भी आधारशिला रखी, जो वाराणसी की ऐतिहासिक पहचान को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

पीएम-किसान की 20वीं किस्त जारी

पीएम मोदी ने इस मौके पर पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.7 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 20,500 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों को सशक्त करने और उन्हें आर्थिक मजबूती देने का माध्यम बनी है।

दिव्यांगजनों को उपकरण वरिष्ठ नागरिकों को सहयोग

बनौली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को तिपहिया साइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने इसे सामाजिक समावेशन की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *