Operation Sindoor: विपक्ष पर अमित शाह का बड़ा हमला, कहा- पंडित नेहरू के कारण है PoK का अस्तित्व

amit_shah_in_loksabha

Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर ऐसा हमला बोला कि जिसकी उन सबने कल्पना भी नहीं की रही होगी। कांग्रेस और विपक्षी सांसदों द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) लेने का मौका गवांने का सरकार पर आरोप लगाने पर अमित शाह ने बेहद करारा जवाब दिया। गृहमंत्री ने कहा कि पीओके का अस्तित्व है तो वह पंडित जवाहरलाल नेहरू के कारण है।

इस दौरान उन्होंने सिंधु जल संधि को भी कांग्रेस सरकार का सबसे बड़ा ब्लंडर बताया। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने कांग्रेस के इस ब्लंडर को ठीक किया। अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 26 निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले तीन आतंकवादी ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत मारे जा चुके हैं। उन्होंने लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा में भाग लेते हुए यह जानकारी दी।

ऑपरेशन महादेव की दी पूरी जानकारी

अमित शाह ने कहा, ‘‘मैं सदन के माध्यम से, कल हुए ‘ऑपेरशन महादेव’ की जानकारी पूरे देश को देना चाहता हूं। कल ‘ऑपेरशन महादेव’ में सुलेमान, अफगान और जिब्रान नाम के तीन आतंकवादी सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में मारे गए।’’ उन्होंने बताया, ‘‘सुलेमान, लश्कर-ए-तैयबा का ए श्रेणी का कमांडर था। पहलगाम और गगनगीर आतंकी हमले में वह लिप्त था, इसके बहुत सारे सबूत हमारी एजेंसियों के पास हैं। अफगान और जिब्रान भी ए श्रेणी के आतंकवादी थे।’’

सेना को दी बधाई

गृह मंत्री ने कहा, ‘‘जिन्होंने पहलगाम की बैसरन घाटी में हमारे निर्दोष नागरिकों को मारा था, उनमें ये तीनों आतंकवादी शामिल थे और कल तीनों ही मारे गए। मैं सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के सभी जवानों को सदन और पूरे देश की ओर से बहुत-बहुत साधुवाद देता हूं।

आतंकियों के मारे जाने से विपक्ष खुश नहीं

अमित शाह ने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘मुझे अपेक्षा थी कि जब ये (विपक्ष) पहलगाम हमले के आतंकवादियों के मारे जाने की खबर सुनेंगे तो खुश होंगे, लेकिन ऐसा लगता है कि ये (विपक्ष) इससे खुश नहीं हैं। यह किस तरह की राजनीति है?’’ शाह ने इस बात पर जोर दिया, ‘‘ये हमारे देश की सेना, सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस, तीनों की साझा तौर पर बहुत बड़ी कामयाबी है। हमें इस पर गर्व होना चाहिए।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *