Operation Sindoor (नई दिल्ली): केंद्रीय गृहमंत्री अमितशाह ने मंगलवार को लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष को पाकिस्तान की तरफदारी करने पर कठघरे में खड़ा किया। गृहमंत्री ने कहा कि चिदंबरम ने अपने बयान से पाकिस्तान को क्लीन चिट दी। ये पूरा देश पाकिस्तान को बचाने का षड्यंत्र देश देख रहा है। शाह ने कहा कि पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम ने सवाल उठाया कि क्या सबूत है कि आतंकवादी पाकिस्तानी थे, मैं चिदंबरम से कहना चाहता हूं कि हमारे पास सबूत है कि तीनों पाकिस्तानी थे और उन्हें अब सेना ने ढेर कर दिया है।
ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने सिखाया पाकिस्तान को सबक
गृहमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाया गया है कि लंबे समय तक कोई अब ऐसी वारदात को अंजाम देने की हिम्मत नहीं करेगा। अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष नागिरकों की हत्या करने वाले तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया है। उन्होंने लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा में भाग लेते हुए यह जानकारी दी। शाह ने कहा कि ‘ऑपरेशन महादेव’ के दौरान सुलेमान उर्फ फैजल जट, अफजाल और जिबरान को मार गिराया गया है।
आतंकियों के आकाओं को मिट्टी में मिलाया
गृहमंत्री ने कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवादियों और उनके आकाओं को मिट्टी में मिलाने का काम किया है। सेना और सीआरपीएफ ने पहलगाम के आतंकवादियों को ढेर कर दिया है। शाह ने कहा, ‘‘हमने सुरक्षा बैठक में तय किया था कि ये हत्यारे छिप कर पाकिस्तान न भाग पाएं। उन्होंने बताया कि पूरी छानबीन के बाद यह पुष्टि की गई कि इन तीनों आतंकवादियों ने ही 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में 26 निर्दोष लोगों की जान ली थी।
सिंधु जल संधि कांग्रेस का ब्लंडर
गृह मंत्री ने लोकसभा में कहाकि सिंधू जल संधि कांग्रेस सरकार का ‘ब्लंडर’ था, मोदी सरकार ने इसे स्थगित किया। पीएम मोदी ने साफ कर दिया कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकता, आतंकवाद और बातचीत एकसाथ नहीं चल सकती।