Operation Sindoor: (नई दिल्ली): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि भारत सरकार आतंकवाद के प्रति “शून्य सहिष्णुता” की नीति पर चल रही है और इसका स्पष्ट प्रमाण है हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न ऑपरेशन सिंदूर। उन्होंने इस कार्रवाई को भारत की सुरक्षा नीति का “सशक्त और निर्णायक उदाहरण” बताया और सुरक्षाबलों को बधाई दी। राजनाथ सिंह ने सदन में जोर देकर कहा हम जो कहते हैं, वो करते हैं यही हमारा चरित्र है। यह बयान विपक्ष को भी परोक्ष संदेश माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने सरकार की स्पष्ट और ठोस नीति की ओर इशारा किया।
पहलगाम हमले का ले लिया बदला
राजनाथ सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाके में आतंकवादियों ने 26 निर्दोष नागरिकों की निर्ममता से हत्या कर दी थी। इसके जवाब में सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया और सोमवार को श्रीनगर के बाहरी इलाकों में स्थित जंगलों में तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया। इनमें हमले का मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल था।
फॉरेंसिक जांच से हुई पुष्टि
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मारे गए आतंकवादियों के पास से बरामद हथियारों की फॉरेंसिक जांच की गई, जिसमें यह स्पष्ट हो गया कि यही हथियार पहलगाम आतंकी हमले में इस्तेमाल किए गए थे। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई दर्शाती है कि भारत केवल प्रतिक्रिया नहीं देता, बल्कि जिम्मेदारी से जवाब देता है।
भारतीय सेना और सुरक्षा बलों की सराहा
मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा सुनिश्चित करने में भारतीय सेना और सुरक्षा बलों की भूमिका को शब्दों में नहीं आंका जा सकता। उन्होंने सभी बलों को साहस, रणनीति और सफल संचालन के लिए धन्यवाद दिया। इससे पहले, गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया था कि यह कार्रवाई आतंकियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए की गई। उन्होंने कहा कि भारत अब कथनी नहीं, केवल करनी में विश्वास करता है।