बिहार में बना भगवान बुद्ध का नया सम्यक दर्शन स्तूप, उद्घाटन में शामिल होंगे 15 देश के बौद्ध भिक्षु

Baudh Stup Bihar

Buddhist Stupa (वैशाली): बिहार में बना भगवान बुद्ध का नया सम्यक दर्शन स्तूप अब लोकार्पण के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जानकारी दी है कि 15 देशों के बौद्ध भिक्षु और अनुयायी 29 जुलाई को वैशाली जिले में बने बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इस भव्य स्तूप का निर्माण 72 एकड़ भूमि पर राजस्थान के गुलाबी पत्थरों से किया गया है।

पहली मंजिल पर है भगवान बुद्ध का अस्थि कलश

इस संग्रहालय की प्रथम मंजिल पर भगवान बुद्ध का पावन अस्थि कलश स्थापित किया गया है, जो इस स्मारक का मुख्य केंद्र रहेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेषों में से वैशाली के मड स्तूप से प्राप्त अवशेष सबसे प्रामाणिक माने जाते हैं, जिनका उल्लेख चीन के प्रसिद्ध बौद्ध यात्री ह्वेनसांग (Xuanzang) ने भी अपनी यात्रा वृतांत में किया है।

पर्यटन के साथ खुलेंगे रोजगार के नए द्वार

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्मारक बिहार की संस्कृतिक धरोहर और वैश्विक बौद्ध विरासत का प्रतीक बनेगा और इससे पर्यटन, संस्कृति व रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। यहां देश-विदेश के बौद्ध श्रद्धालुओं के साथ अन्य धर्मों के अनुयायी भी दर्शन के लिए आएंगे। नीतीश कुमार ने कहा, “वैशाली न केवल दुनिया का पहला गणराज्य रहा है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण की भूमि भी है, जहां पहली बार महिलाओं को बौद्ध संघ में शामिल किया गया था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *