झालावाड़ (राजस्थान) राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब सरकारी स्कूल की छत पढ़ाई के दौरान अचानक गिर गई। यह घटना मनोहरथाना ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपलोदी की है, जहां करीब 27 छात्र मौजूद थे। अचानक छत गिरने से बच्चों के बीच अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद शिक्षक और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बच्चों को मलबे से बाहर निकाला।
10 छात्र गंभीर जिला अस्पताल किया रेफर
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 10 छात्रों को झालावाड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें 3-4 की हालत नाजुक बनी हुई है। शेष घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है।
शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के आदेश
राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घटना पर गहरा शोक जताया और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि घायल बच्चों के इलाज में कोई कोताही न हो। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी
मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। घायलों के इलाज की सभी व्यवस्था की जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी बच्चों की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।