सीएम सैनी की गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

CM Saini meets Amit Shah:(नई दिल्ली): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत की। उन्होंने बताया कि हरियाणा में तीन नए क्रिमिनल लॉ को लागू करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। इस बारे में राज्य सरकार ने गृह मंत्री को भी अवगत कराया है। साथ ही केषु बांध परियोजना और राज्य में चल रहे विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई है, जिसके बारे में केंद्र सरकार को भी सूचित किया गया है।

CET परीक्षा के लिए पूरी तैयारी

सीएम नायब सैनी ने बताया कि 26 और 27 जुलाई को होने वाली CET परीक्षा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। लाखों छात्र इस परीक्षा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह एक बड़ा पेपर है और हमारी टीम ने इसकी सफलता के लिए कड़ी मेहनत की है। सभी बच्चों को बेहतर माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। जल्द ही हरियाणा पुलिस की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू होगी, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

विपक्ष पर कड़ा प्रहार

मुख्यमंत्री सैनी ने संसद में विपक्ष के हंगामे पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 11 वर्षों में देश को पूरी तरह बदल दिया है और विकास की नई गति दी है। विपक्ष को यह बात पच नहीं रही कि देश इतनी तेजी से विकास कर रहा है विपक्ष जब संसद में जाता है तो उनके पेट में दर्द होने लगता है। उनके पास यह बताने को कुछ नहीं है कि उन्होंने पिछले 55 वर्षों में देश के लिए क्या किया। हमारी सरकार ने किसानों और गरीबों के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं, जो विपक्ष को पच नहीं रहे।”

गरीबों और किसानों के लिए सरकार की उपलब्धियां

उन्होने कहा कि पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों और गरीबों के लिए सरकार ने अनेक योजनाएं चलाई हैं। “मैं जब बिहार गया, तो वहां हर पंचायत में 700 से 900 मकान प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर बन रहे थे। यह देश के विकास का ही परिणाम है।”

अर्थव्यवस्था और विपक्षी दलों पर तंज

सीएम सैनी ने कहा कि विपक्ष के समय भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, लेकिन अब यह चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कांग्रेस पर भी कटाक्ष किया और कहा कि यह पार्टी धीरे-धीरे समाप्त हो रही है। उन्होंने इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंटीग्रेशन (INDI) गठबंधन पर भी संदेह व्यक्त किया कि कोई इसे भरोसेमंद नहीं मान रहा। सीएम सैनी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली के हालात खराब किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब में आम आदमी पार्टी की संभावनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि वहां कमल का फूल खिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *