दिल्ली जा रहे हैं तो पढ़ लें ये खबर, कांवड़ यात्रा के चलते एक प्रमुख रोड 2 दिन के लिए बंद; कई मार्ग रहेंगे बाधित

kanwar yatra

Delhi Kanwar Yatra Traffic Advisory: (नई दिल्ली): अगर आप दिल्ली जा रहे हैं तो ये खबर पढ़ना आपके लिए बेहद जरूरी है। राष्ट्रीय राजधानी में कांवड़ यात्रा के चलते ट्रैफिक में बड़ा बदलाव किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को बताया कि जीटी रोड का एक प्रमुख हिस्सा 21 जुलाई सुबह 8 बजे से 23 जुलाई सुबह 8 बजे तक बंद रहेगा। यह प्रतिबंध केशव चौक गोलचक्कर से युधिष्ठिर सेतु (आईएसबीटी) तक के बाएं मार्ग पर लागू होगा।

इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग

कांवड़ यात्रा के चलते ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। आईएसबीटी की ओर जाने वाले वाहन यदि स्वामी दयानंद मार्ग का उपयोग कर रहे हैं, तो वे केशव चौक अंडरपास से मौजपुर जा सकते हैं या फिर श्याम चौक से ‘यू-टर्न’ लेकर विकास मार्ग/मास्टर प्लान रोड से होकर आगे बढ़ सकते हैं। इसी तरह सीलमपुर टी-प्वाइंट से आने वाले वाहन रोड नंबर 66 के जरिए वजीराबाद रोड की ओर भेजे जा रहे हैं। धर्मपुरा टी-प्वाइंट से आने वाले वाहन भी रोड नंबर 66 या केशव चौक अंडरपास से विकास मार्ग की ओर जा सकते हैं।

पुराने लोहिया पुल से गुजरने वालों के लिए भी बदला रास्ता

पुराने लोहे के पुल से जीटी रोड की ओर जाने वाले वाहन अब कैलाश नगर और गांधी नगर होते हुए पुस्ता रोड कॉरिडोर की ओर मोड़े जा रहे हैं। शास्त्री पार्क पुस्ता रोड से आने वाले वाहन जीटी रोड या रोड नंबर 66 से होते हुए विकास मार्ग की ओर बढ़ सकते हैं। खजूरी चौक से आने वाले वाहन जीटी रोड की ओर ना जाकर वजीराबाद रोड की ओर भेजे जा रहे हैं ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।

ट्रैफिक पुलिस की अपील

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट चेक करें और संभावित जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही कांवड़ यात्रियों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और धैर्य बनाए रखने की भी सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *