नई दिल्ली /नंदगढ़: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को हरियाणा के जुलाना स्थित अपने पैतृक गांव नंदगढ़ में सादगी और उत्साह के साथ अपना 51वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं से शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वह दिल्लीवासियों की सेवा में सदैव तत्पर रही हैं। एक संवेदनशील और कर्मठ प्रशासक के रूप में उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी के कल्याण हेतु कई पहलें की हैं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।”
रेखा गुप्ता ने जताया प्रधानमंत्री का आभार
सीएम रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका “सदैव प्रेरणादायक मार्गदर्शन” उनकी सार्वजनिक सेवा यात्रा को दिशा और ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने लिखा, “मुख्यमंत्री के रूप में मैं ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की आपकी प्रेरणादायक सोच को ज़मीनी हकीकत में बदलने के लिए पूर्ण रूप से समर्पित हूं।”
अमितशाह और राजनाथ सिंह ने भी दी बधाई
गुप्ता के जन्मदिन के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जुलाना पहुंचकर उनका स्वागत किया और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ मिलकर जन्मदिन की बधाई दी। रेखा गुप्ता का हरियाणा दौरा केवल एक पारिवारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा।
दिल्ली सरकार के अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने जुलाना और नंदगढ़ में विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लिया, जहां उन्होंने ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा भी की। रेखा गुप्ता का जन्म 19 जुलाई 1974 को हुआ था। वे भाजपा से जुड़ी एक सक्रिय राजनीतिक हस्ती रही हैं और दिल्ली की राजनीति में महिलाओं के सशक्त प्रतिनिधित्व की मिसाल बन चुकी हैं।