(जुलाना): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को अपने 51वें जन्मदिन के अवसर पर हरियाणा के अपने पैतृक गांव नंदगढ़ का दौरा किया। इस खास मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने गांव में ई-लाइब्रेरी और इनडोर जिम जैसी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
इस दौरान भावुक होती हुई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “आज का दिन मेरे लिए बहुत खास है। मुझे लगा कि मुझे यहां आकर अपनी जन्मभूमि को नमन करना चाहिए। नायब सिंह सैनी और मेरे पूरे हरियाणा परिवार ने मुझे बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया है। आज यहां कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के कार्यक्रम हैं। मैं हरियाणा सरकार और अपने बड़े भाई नायब सैनी का हमारे गांव के लिए किए गए सभी उत्कृष्ट कार्यों के लिए धन्यवाद करती हूं।”
जुलाना में धर्मशाला का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता ने पहली बार हरियाणा के जींद जिले के जुलाना का दौरा किया, जहां उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मिलकर महाराजा अग्रसेन धर्मशाला का उद्घाटन किया। यह धर्मशाला सामाजिक समरसता और सेवा का प्रतीक बताई जा रही है, जिसका निर्माण समाज के सहयोग से किया गया है।
राजनीतिक जीवन के संघर्षों को किया साझा
एक जनसभा को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने अपने राजनीतिक जीवन के संघर्षों को साझा करते हुए कहा, “मैंने दो विश्वविद्यालय चुनाव, तीन नगर निगम चुनाव और तीन विधानसभा चुनाव लड़े हैं यानी कुल आठ चुनाव। यह बताते हुए मुझे गर्व है कि हर कदम पर मुझे अपने परिवार और समाज से अपार समर्थन मिला। उन्होंने कहा जब भी मैंने दिल्ली में चुनाव लड़ा, हरियाणा के हर व्यक्ति ने मेरा साथ दिया। आज इस मंच से मैं सबका आभार व्यक्त करती हूं।”
प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार
रेखा गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी की नीति और नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, “केवल भाजपा ही ऐसा मंच है, जहां एक साधारण परिवार से आने वाला व्यक्ति आगे बढ़ सकता है। यह गर्व की बात है कि एक सामान्य परिवार की बेटी आज राज्य की मुख्यमंत्री है और नायब सिंह सैनी जैसे भाई राज्य के शीर्ष नेतृत्व में हैं। उन्होंने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा नेतृत्व हर सामान्य कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर और मार्गदर्शन देता है।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर निशाना साधते हुए गुप्ता ने कहा, “उन्होंने कभी किसी और को आगे नहीं बढ़ने दिया। जबकि आज भाजपा में हर कार्यकर्ता सपना देख सकता है, और उसे पूरा करने का अवसर मिल सकता है।”
दिल्ली है कर्मभूमि और हरियाणा जन्मभूमि
कार्यक्रम के अंत में रेखा गुप्ता ने कहा, “दिल्ली मेरी कर्मभूमि है और हरियाणा मेरी जन्मभूमि। जहां से मुझे जीवन के संस्कार और हौसला मिला। आज उसी भूमि को नमन करने आई हूं। रेखा गुप्ता का यह दौरा केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि जड़ों से जुड़ने और सेवा की भावना को सशक्त रूप देने का प्रतीक है। नंदगढ़ और जुलाना में हुए विकास कार्य न सिर्फ क्षेत्र के लिए सौगात हैं, बल्कि मुख्यमंत्री के भावनात्मक और राजनीतिक जुड़ाव का प्रमाण भी हैं।