भूस्खलन से NH-707 पर यातायात ठप, हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी

Himachal Landslide: (शिमला): हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र के पास बुधवार को हुए बड़े भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-707 (हाटकोटी से पांवटा) पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। भूस्खलन में पहाड़ का बड़ा हिस्सा सड़क पर गिर गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं हैं। अधिकारी मार्ग को खोलने में जुटे हैं, लेकिन लगातार गिरता मलबा राहत कार्य में बाधा बन रहा है।

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के मुताबिक, इस समय हिमाचल प्रदेश में लगभग 260 सड़कें बंद हैं, जिनमें अकेले मंडी जिले में 140, सिरमौर में 55 और कुल्लू में 35 सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा 171 जलापूर्ति परियोजनाएं और 151 ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे कई इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है।

मौसम विभाग का अलर्ट

स्थानीय मौसम विभाग ने 21 और 22 जुलाई को “ऑरेंज अलर्ट” और 20 जुलाई तक कई जिलों में “येलो अलर्ट” जारी किया है। भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मंगलवार शाम से प्रदेश के कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई है – कोठी, जटौन बैराज और सराहन में 40 मिमी, ददाहू में 30 मिमी, नाहन में 21.3 मिमी, मनाली में 17 मिमी और नारकंडा में 15 मिमी बारिश हुई।

मानसून से भारी जान-माल का नुकसान

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, 20 जून से 15 जुलाई के बीच 106 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 62 की मौत वर्षाजनित घटनाओं (भूस्खलन, बाढ़ आदि) और 44 की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई है। 189 लोग घायल, जबकि 35 अब भी लापता हैं। इस दौरान राज्य को अब तक 818 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इस मानसून में अब तक 31 बाढ़, 22 बादल फटने, और 18 भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिससे राज्य में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है।

सरकार की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अत्यधिक आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए सभी संबंधित विभाग अलर्ट मोड पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *