HSSC CET 2025: (चंडीगढ़): हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) 2025 का आयोजन 26 और 27 जुलाई को किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए करीब 13 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। सरकार ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फ्री यात्रा और परीक्षा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं।
8000 फ्री बसें चलाएगा परिवहन विभाग
हरियाणा परिवहन विभाग CET परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए करीब 8000 मुफ्त बसें चलाएगा। इन बसों के ज़रिए परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक निःशुल्क आवागमन की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए सरकार एक ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर रही है, जिस पर उम्मीदवारों को बताना होगा कि वे किस जिले से किस परीक्षा केंद्र तक यात्रा करेंगे। इससे परिवहन विभाग को आवश्यक बसों की संख्या और रूट तय करने में सुविधा होगी।
पड़ोसी जिलों में होंगे परीक्षा केंद्र
HSSC की योजना है कि अभ्यर्थियों को उनके अपने जिले से सटे हुए पड़ोसी जिलों में ही परीक्षा केंद्र दिए जाएं। जैसे अंबाला के अभ्यर्थियों को चंडीगढ़, भिवानी के छात्रों को चरखी दादरी परीक्षा केंद्र मिल सकता है। इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को लंबी दूरी की यात्रा से बचाना और लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाना है।
सुरक्षा और व्यवस्था पर ज़ोर
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, फ्लाइंग स्क्वॉड, और सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। प्रशासन ने सभी जिलों को सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक मैनेजमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। CET 2025 प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए सरकारी नौकरी में प्रवेश का बड़ा अवसर है। हरियाणा सरकार द्वारा उठाए जा रहे ये कदम परीक्षा को सुगम, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में अहम साबित होंगे।