Weather Update: (गुरुग्राम): गुरुग्राम में बुधवार शाम से शुरू हुई बारिश ने गुरुवार को पूरे शहर की रफ्तार थाम दी। रुक-रुक कर होती रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और ट्रैफिक घंटों तक जाम रहा। जिला प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के सभी कॉरपोरेट दफ्तरों और निजी संस्थानों को सलाह दी जाती है कि वे अपने कर्मचारियों को 10 जुलाई को घर से काम करने की अनुमति दें ताकि यातायात जाम से बचा जा सके।
12 घंटे में 133 मिमी बारिश, शहर की सड़कें जलमग्न
जिला प्रशासन द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक गुरुग्राम में 133 मिमी और वजीराबाद तहसील में 122 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश की शुरुआत बुधवार शाम को हुई थी, जो रातभर जारी रही। तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे का नरसिंहपुर खंड, बसई, और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड सहित कई इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए।
प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक जाम रातभर लोग रहे फंसे
राजीव चौक, शीतला माता रोड, सदर बाजार, बस अड्डा मार्ग और आसपास की कॉलोनियों की सड़कें भी पानी में डूब गईं। इसके अलावा, बसई चौक, खांडसा, संजय ग्राम मार्ग, सोहना रोड, और सुभाष चौक, साथ ही सेक्टर 4, 5, 12, 13, 22, 23, 30, 31, 40, 45, 47, 48, 51 से भी जलभराव की शिकायतें मिलीं। सुभाष चौक पर करीब 2.5 फुट तक पानी भर गया, जहां लोग बुधवार आधी रात के बाद दो बजे तक जाम में फंसे रहे। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर नरसिंहपुर से दिल्ली के रजोकरी तक 7–8 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम देखा गया।
अधिकारियों ने लोगों को किया सतर्क
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लोगों को सतर्क किया और कहा कि भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर आवाजाही में बाधा है, और सफर में सामान्य से अधिक समय लग सकता है। MCG ने बताया कि “पानी की निकासी के लिए मशीनों का उपयोग किया जा रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।