Nirmala Sitharaman visit Meghalaya: (शिलांग): केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गुरुवार से चार दिवसीय मेघालय दौरे पर रहेंगी, जहां वह शिलांग पहुंचकर विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगी और कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। यह दौरा राज्य में विकास पहलों की समीक्षा, स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन और समुदाय से संवाद के उद्देश्य से किया जा रहा है।
पोलो शॉपिंग कॉम्प्लेक्स’ का करेंगी उद्घाटन
अधिकारियों ने बताया सीतारमण गुरुवार दोपहर शिलांग पहुंचेंगी। उसी दिन वह ‘पोलो शॉपिंग कॉम्प्लेक्स’ का उद्घाटन करेंगी और परियोजना निगरानी सूचना प्रणाली (PMIS) के प्रशिक्षुओं से बातचीत करेंगी।
पूर्वोत्तर सम्मेलन और IIM शिलांग में कार्यक्रम
11 जुलाई को वित्त मंत्री शिलांग में आयोजित पूर्वोत्तर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी। इसके साथ ही वह भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) शिलांग में भारतीय कॉरपोरेट कार्य संस्थान (IICA) के नए परिसर की आधारशिला भी रखेंगी। इस कार्यक्रम में मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा मुख्य अतिथि होंगे। वित्त मंत्री का कार्यक्रम उम्सावली स्थित शिलांग टेक पार्क के दौरे और लारिटी इंटरनेशनल सेंटर में किसानों और उद्यमियों के उत्पादों की प्रदर्शनी के उद्घाटन से भी जुड़ा होगा।
उद्योग प्रतिनिधियों और ग्रामीण महिलाओं से करेंगी संवाद
12 जुलाई को सीतारमण शिलांग के कोर्टयार्ड मैरियट होटल में उद्योग क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोगों से मुलाकात करेंगी। इसके बाद वह लैटकिनसेव गांव में महिला स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदियों और किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) से संवाद करेंगी। दिन में वह सीएज गांव में ‘पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विस प्रोग्राम’ के लाभार्थियों से मिलेंगी और भारत-बांग्लादेश सीमा के पास सोहबर गांव में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। 13 जुलाई को अपने दौरे के अंतिम दिन, वह सोहरा स्थित रामकृष्ण मिशन स्कूल का दौरा करेंगी और फिर राज्य से रवाना होंगी।