गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरियाणा के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए गुरु की महत्ता पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर मुख्यमंत्री नायब सैनी, और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संदेशों में गुरुओं के ज्ञान, त्याग और मार्गदर्शन की महत्ता को उजागर किया।
मनोहर लाल खट्टर ने अपने संदेश में कहा:
यह पर्व हमें सत्मार्ग पर ले जाने वाले उन समस्त महापुरुषों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता अर्पित करने की प्रेरणा देता है, जिन्होंने अपने तप, ज्ञान और त्याग से समाज, राष्ट्र और विश्व को नई राह दिखाई। उन्होंने गुरु पूर्णिमा को आत्मचिंतन और आदर्शों को अपनाने का दिन बताया।
सीएम सैनी ने गुरु को बताया ज्ञान और संस्कार का प्रतीक
सीएम सैनी ने कहा “गुरु का सान्निध्य जीवन को सही दिशा देता है और अज्ञान के तमस से प्रकाश की ओर ले जाता है। आइए, इस अवसर पर हम अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करें और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें।”
रेखा गुप्ता ने गुरु की महिमा को शास्त्रीय श्लोक के माध्यम से किया व्यक्त
गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः।
गुरुः साक्षात् परं ब्रह्म तस्मै श्रीगुरवे नमः॥”
उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में ‘गुरु’ केवल शिक्षक नहीं, बल्कि ऐसी शक्ति होते हैं जो व्यक्ति को विचार, समाज को संस्कार और राष्ट्र को दिशा प्रदान करते हैं। गुरु पूर्णिमा उन युगद्रष्टाओं को स्मरण करने का अवसर है जिन्होंने ‘राष्ट्र ही धर्म है’ की भावना को जीवन का मूल बनाया।”