CM Yogi in Azamgarh: (आजमगढ़): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को आजमगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान समाज और राष्ट्र विरोधी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें “चकनाचूर” कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बलरामपुर में धर्मांतरण रैकेट के कथित सरगना जलालुद्दीन की गिरफ्तारी का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की असामाजिक और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीएम का सख्त संदेश”नहीं छोड़ेंगे समाजविरोधी”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मंगलवार को बलरामपुर में एक जल्लाद को गिरफ्तार किया गया है, जो हिंदू बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करता था और पैसों के बदले सौदेबाजी करता था। ऐसे तत्वों के खिलाफ अब कठोर कार्रवाई की जा रही है। हम न समाज को टूटने देंगे और न राष्ट्रविरोधियों को बख्शेंगे। उन्हें चकनाचूर कर दिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था के मामलों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं बरत रही है और दोषियों की संपत्ति जब्त कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री का इशारा धर्मांतरण रैकेट के सरगना जलालुद्दीन की तरफ था, जिनके खिलाफ प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि उनकी गतिविधियां न केवल असामाजिक बल्कि राष्ट्रविरोधी हैं। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश की जनता को शांतिपूर्ण जीवन जीने का अधिकार है और उसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। सरकार के पास दोषियों को पकड़ने और सजा दिलाने के लिए पर्याप्त कानूनी और पुलिस तंत्र मौजूद है।
पेड़ मां के नाम’ लगाया 60 लाखवां पौधा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ के सठियांव ब्लॉक के केरमा गांव में ‘हरिशंकरी वाटिका’ की स्थापना की। यह वाटिका पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित की जा रही है और इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आजमगढ़ में 60 लाखवां पौधा लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाया जा रहा है और पूरे प्रदेशवासियों को इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने आजमगढ़ सहित पूरे प्रदेश के लोगों का आभार जताया कि वे इस महत्वपूर्ण पर्यावरणीय मिशन में साथ दे रहे हैं।

स्वच्छ और हरित वातावरण में ले सकें सांस
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रकृति का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है और इसके लिए हमें हर संभव प्रयास करना होगा ताकि आने वाली पीढ़ियां स्वच्छ और हरित वातावरण में सांस ले सकें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में साफ संदेश दिया है कि सरकार समाज और राष्ट्र विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाने में पीछे नहीं हटेगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी उतनी ही गंभीरता से लिया जा रहा है।