हिमाचल प्रदेश की जिला अदालतों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

District courts bomb threat: हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और नाहन की जिला अदालतों को बुधवार को ईमेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और संबंधित अदालत परिसरों को एहतियातन खाली करा लिया गया। धमकी मिलने के बाद आम जनता और न्यायिक कर्मियों की सुरक्षा के लिए शिमला, नाहन, कुल्लू और रामपुर की अदालत परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस इसे एक गंभीर मामला मानकर उच्च स्तरीय जांच में जुट गई है।

खाली कराए गए परिसर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में अदालत परिसरों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। इसके बाद संबंधित स्थानों पर बम निरोधक दस्ते, खोजी कुत्ते और विशेष पुलिस बल तैनात किए गए। सभी परिसरों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। शिमला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजीव कुमार गांधी ने कहा कि “सभी संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए, अदालत परिसरों को तुरंत खाली कराया गया और इलाके को सील कर दिया गया है। किसी भी संदिग्ध वस्तु के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस का कहना है कि अब तक किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन खतरे की संभावना को देखते हुए कोई चूक नहीं की जा रही है। अदालत परिसरों के आसपास लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

एसपी गांधी ने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश पुलिस अन्य राज्यों के सुरक्षा एजेंसियों के साथ भी संपर्क में है, जिन्हें हाल ही में इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। साइबर सेल द्वारा ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि स्रोत का पता लगाया जा सके। गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय, राज्य सचिवालय और कई उपायुक्त कार्यालयों को भी बम धमकी मिल चुकी है, जो बाद में अफवाह निकली थीं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इन घटनाओं के पीछे किसी संगठित गिरोह या साइबर अपराधी का हाथ है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि अफवाहों से घबराएं नहीं, लेकिन किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *