PM Modi received highest civilian honor:(विंडहोक): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को नामीबिया की राष्ट्रपति नेटुम्बो नेंडी-नदैतवा से मुलाकात की इस दौरान पीएम मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एनशिएंट वेल्वित्चिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें नामीबिया की राष्ट्रपति नेटुम्बो नेंडी-नदैतवा द्वारा प्रदान किया गया । मई 2014 में प्रधानमंत्री पद ग्रहण करने के बाद से किसी विदेशी सरकार द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को यह 27वां अंतरराष्ट्रीय नागरिक सम्मान प्राप्त हुआ है।
प्रोजेक्ट चीता’ में नामीबिया की भूमिका को सराहा
विंडहोक स्थित स्टेट हाउस में हुई प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व ने द्विपक्षीय संबंधों की समग्र समीक्षा की। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा, “डिजिटल प्रौद्योगिकी, रक्षा, सुरक्षा, कृषि, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग हमारी चर्चा में प्रमुखता से शामिल रहा। पीएम मोदी ने यह भी बताया कि व्यापार, ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल्स के क्षेत्रों में संबंधों को प्रगाढ़ करने के उपायों पर भी विचार किया गया। उन्होंने ‘प्रोजेक्ट चीता’ में नामीबिया द्वारा दी गई सहायता के लिए आभार प्रकट किया।
चार महत्वपूर्ण समझौतों पर किए हस्ताक्षर
वार्ता के बाद भारत और नामीबिया के बीच चार महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग, नामीबिया में एक उद्यमिता विकास केंद्र की स्थापना, आपदा प्रतिरोधी बुनियादी ढांचे (सीडीआरआई) के लिए फ्रेमवर्क, और वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन (Global Biofuel Alliance) के तहत समझौते शामिल हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने नामीबिया के राष्ट्रीय स्मारक ‘हीरोज एकर’ जाकर देश के संस्थापक राष्ट्रपति सैम नुजोमा को श्रद्धांजलि अर्पित की। नुजोमा ने 1990 में देश को स्वतंत्रता दिलाई थी और 15 वर्षों तक राष्ट्रपति पद संभाला था।
अफ्रीका में साझेदारी को बताया मजबूत
यह प्रधानमंत्री मोदी की नामीबिया की पहली यात्रा है, जबकि भारत से किसी भी प्रधानमंत्री की यह तीसरी आधिकारिक यात्रा है। प्रधानमंत्री ब्राजील से अपनी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में विंडहोक पहुंचे थे। नामिबियाई राष्ट्रपति के निमंत्रण पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने नामीबिया को अफ्रीका में भारत का “महत्वपूर्ण और विश्वसनीय साझेदार” बताया। उन्होंने दोनों देशों के साझा हितों और लोकतांत्रिक मूल्यों को रेखांकित करते हुए भविष्य में और घनिष्ठ संबंधों की उम्मीद जताई। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी का स्टेट हाउस में पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भव्य स्वागत किया गया।