International Yoga Day: (कुरुक्षेत्र): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को ब्रह्मसरोवर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योग को केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक कला करार दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
सरकारी कार्यालयों में शुरू होगा पांच मिनट का ‘योग ब्रेक
मुख्यमंत्री सैनी ने इस अवसर पर एक नई पहल की घोषणा की, जिसके तहत हरियाणा के सभी सरकारी दफ्तरों में पांच मिनट का ‘योग ब्रेक’ लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार के लिए समय देना है।
100 नए योग केंद्र और व्यायामशाला खोली जाएंगी
सैनी ने कहा कि राज्य में योग को बढ़ावा देने के लिए 100 नए योग केंद्र और व्यायामशालाएं स्थापित की जाएंगी। ये केंद्र योग को आम जनता तक पहुँचाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में मदद करेंगे।
एक विश्व, एक स्वास्थ्य की थीम
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन 27 मई से शुरू हो चुका है और राज्य के विभिन्न हिस्सों में योग से जुड़े कार्यक्रम लगातार जारी हैं। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘एक विश्व, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ है, जो मानवता के कल्याण के लिए समर्पित है।
योग पर शोध और शिक्षा को मिलेगा प्रोत्साहन
सीएम सैनी ने घोषणा की कि राज्य सरकार ‘योग लेखक प्रोत्साहन योजना’ शुरू करेगी, जिसमें योग विषय पर उत्कृष्ट लेखकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही हरियाणा के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में योग के पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।
खेल विभाग में योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा के खेल विभाग में 40 योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, जिससे खेलों के साथ-साथ योग को भी बढ़ावा मिलेगा और युवा वर्ग के लिए स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहन मिलेगा।
श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में ध्यान केंद्र का निर्माण
सैनी ने यह भी कहा कि श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में एक अंतरराष्ट्रीय ध्यान केंद्र के लिए सभागार का निर्माण किया जाएगा, जो ध्यान और योग के शोध और प्रशिक्षण का केंद्र बनेगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, आयुष एवं स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, सांसद नवीन जिंदल, और योग गुरु रामदेव प्रमुख रूप से मौजूद रहे।