Iran Israel War: (दुबई):अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान से “बिना शर्त आत्मसमर्पण” की मांग किए जाने के एक दिन बाद, बुधवार सुबह इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान पर हवाई हमले और तेज कर दिए। इजराइल ने तेहरान के एक और क्षेत्र को निशाना बनाने की चेतावनी पहले ही जारी कर दी थी, जिसके तुरंत बाद ये हमले शुरू हुए। पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इजराइल द्वारा चलाए जा रहे हमलों के अब छठे दिन हैं और तेहरान के ज्यादातर निवासी अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। इजराइली हमलों का लक्ष्य विशेष रूप से ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकाने हैं।
ट्रंप ने दी तीखी चेतावनी
अमेरिका ने भी इस संघर्ष में अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी है। ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में ईरान से बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग करते हुए कहा कि उन्हें यह भी पता है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई कहां छिपे हैं। हालांकि, ट्रंप ने यह भी जोड़ा कि फिलहाल खामेनेई को मारने की कोई योजना नहीं है। इस बयान के साथ ही अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपने लड़ाकू विमानों की तैनाती को भी और तेज कर दिया है, जिससे संकेत मिलता है कि वह हालात को गंभीरता से ले रहा है।
नतांज संवर्धन स्थल पर बड़ा असर
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने मंगलवार को कहा कि उसे विश्वास है कि इजराइली हमलों का ईरान के नतांज यूरेनियम संवर्धन केंद्र पर “प्रत्यक्ष प्रभाव” पड़ा है।विशेष रूप से वहां स्थित भूमिगत सेंट्रीफ्यूज हॉल को गंभीर क्षति पहुंची है। यह स्थल ईरान के परमाणु कार्यक्रम का एक अहम हिस्सा है, जहां यूरेनियम संवर्धन के लिए उपयोग में आने वाली मशीनें रखी जाती हैं।
ईरान की जवाबी कार्रवाई
ईरान ने इजराइली हमलों के जवाब में अब तक लगभग 400 मिसाइल और सैकड़ों ड्रोन दागे हैं। इन हमलों में अब तक 24 इजराइली नागरिकों की मौत हो चुकी है। ईरान ने कहा है कि वह अपने बचाव में यह कार्रवाई कर रहा है और यदि इजराइल ने हमले जारी रखे तो उसका जवाब और कठोर होगा।