Iran Israel War:(दुबई/तेहरान):ईरान और इजराइल के बीच चल रहे तनाव ने अब एक और गंभीर मोड़ ले लिया है। संघर्ष के पांचवें दिन भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इजराइल ने ईरान पर हमलों की तीव्रता बढ़ा दी है, जबकि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान के नागरिकों को तुरंत शहर छोड़ने की चेतावनी देकर पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है।
ट्रंप की सख्त चेतावनी:तेहरान खाली करो
कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने अपनी यात्रा बीच में छोड़ते हुए सोमवार रात को एक आपात संदेश में लिखा, ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता। सभी को तेहरान तत्काल खाली कर देना चाहिए। हालांकि ट्रंप ने यह स्पष्ट किया कि उनका वाशिंगटन लौटना किसी युद्धविराम प्रयास से संबंधित नहीं है, बल्कि “यह उससे कहीं बड़ी बात है।” उन्होंने इस पर कोई और विवरण नहीं दिया, जिससे अटकलें और बढ़ गई हैं।
इजराइल के सटीक हमले ईरान की जवाबी कार्रवाई
इजराइल ने दावा किया है कि उसने ईरान के परमाणु स्थलों, बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम, और शीर्ष सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाते हुए हमले किए हैं। इन हमलों का उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार बनाने के रास्ते से रोकना बताया गया है।शुक्रवार से शुरू हुए हमलों में अब तक ईरान में कम से कम 224 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजराइल पर 370 से अधिक मिसाइलें और सैकड़ों ड्रोन दागे हैं, जिनमें 24 इजराइली नागरिकों की मौत और 500 से अधिक घायल होने की पुष्टि की गई है।
तेहरान में मची अफरा-तफरी
ईरान की राजधानी तेहरान में भय और अनिश्चितता का माहौल है। शहर के कई हिस्सों में दुकानें बंद, गैस स्टेशनों पर लंबी कतारें और प्रमुख सड़कों पर यातायात जाम जैसी स्थितियां देखी गईं।ग्रैंड बाज़ार’ जैसे ऐतिहासिक स्थल भी बंद हैं ऐसा दृश्य पिछली बार सिर्फ कोरोना महामारी या बड़े राजनीतिक प्रदर्शनों के दौरान ही देखा गया था।
ईरान की प्रतिक्रिया
हालांकि ईरानी सरकार ने जनता को शांत रहने और कोई विशेष निर्देश न दिए जाने की बात कही है, लेकिन नागरिकों में डर स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। राजधानी से कई लोग कैस्पियन सागर और उत्तर-पश्चिमी सुरक्षित इलाकों की ओर रवाना होते देखे गए। इस बीच इजराइल ने दावा किया है कि उसने अपने एक हमले में ईरान के शीर्ष सैन्य जनरल अली शादमानी को मार गिराया है।