Iran Israel War: इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने शनिवार को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि ईरान इजराइल पर मिसाइल हमले जारी रखता है, तो “तेहरान तबाह हो जाएगा।” यह तीखा बयान शुक्रवार को ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर इजराइल के हमले के बाद आया है, जब ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई में दर्जनों मिसाइलें दागीं।
काट्ज ने यह चेतावनी इजराइल रक्षा बल (IDF) के प्रमुख इयाल जमीर, खुफिया एजेंसी मोसाद के निदेशक डेविड बार्निया और अन्य शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के दौरान दी। उन्होंने कहा कि ईरान का नेतृत्व अपने नागरिकों को ढाल बना रहा है और यदि हमले जारी रहते हैं, तो उसकी राजधानी तेहरान को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
ईरान ने इजराइल पर दागीं 200 बैलिस्टिक मिसाइलें
IDF के अनुसार, शुक्रवार रात से अब तक ईरान ने इजराइल पर लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इनमें से अधिकांश को इजराइली हवाई रक्षा प्रणाली ने सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। हालांकि कुछ मिसाइलें सुरक्षा प्रणाली को चकमा देकर तेल अवीव, रमत गन और रिशोन लीजियन जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में गिरीं। इन हमलों में तीन इजराइली नागरिकों की मौत हो गई और लगभग 70 लोग घायल हुए हैं। सेना ने बताया कि जनहानि के बावजूद सभी सैन्य अड्डे, जिसमें वायु सेना अड्डे भी शामिल हैं, पूरी तरह से सक्रिय हैं और संचालन सामान्य रूप से चल रहा है।
इजराइली वायुसेना ने तेहरान पर सीधा हमला करने की दी चेतावनी
इजराइली वायुसेना प्रमुख तोमेर बार और चीफ ऑफ स्टाफ इयाल जमीर ने संयुक्त बयान में कहा है कि अब तेहरान पर सीधा हमला करने का मार्ग साफ हो गया है। उन्होंने बताया कि वायुसेना के लड़ाकू विमान पहले ही तेहरान में ईरान की हवाई रक्षा प्रणालियों पर हमला कर चुके हैं और भविष्य में तेहरान स्थित सैन्य ठिकानों को लक्षित हमले किए जाएंगे।
बिगड़ सकते हैं हालात
रक्षा मंत्री काट्ज ने ईरानी सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को निशाने पर लेते हुए कहा ईरानी तानाशाह अपने नागरिकों को ढाल बना रहा है। अगर वह इजराइल के घरेलू मोर्चे पर हमले जारी रखता है, तो तेहरान की जनता को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। यह संघर्ष अब केवल इजराइल और ईरान के बीच सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र की स्थिरता को चुनौती दे रहा है। अमेरिका सहित कई वैश्विक शक्तियों ने शांति और संयम की अपील की है, लेकिन दोनों पक्षों के बयानों से स्पष्ट है कि हालात और बिगड़ सकते हैं।