Ahmedabad plane crash: एअर इंडिया ने शनिवार को घोषणा की कि अहमदाबाद विमान हादसे के पीड़ितों को राहत देने के लिए वह मृतकों के परिजनों और जीवित बचे यात्रियों को ₹25-25 लाख रुपये का अंतरिम भुगतान करेगी। यह सहायता टाटा समूह की ओर से पूर्व में घोषित ₹1 करोड़ रुपये के मुआवजे के अतिरिक्त दी जाएगी
कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह भुगतान पीड़ितों की तात्कालिक वित्तीय ज़रूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यह राशि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगभग £21,000 ब्रिटिश पाउंड स्टर्लिंग के बराबर है, जबकि टाटा संस द्वारा घोषित सहायता लगभग £85,000 है।
कैसे हुआ हादसा?
गुरुवार दोपहर एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान, जो अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भर रहा था, टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों के भीतर मेघानीनगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 242 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य, कुल मिलाकर 254 लोग सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में 270 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 241 यात्री शामिल हैं। यह घटना भारतीय विमानन इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक मानी जा रही है।
एअर इंडिया का बयान
हमारे निरंतर प्रयासों के तहत, एअर इंडिया पीड़ित परिवारों और जीवित बचे यात्रियों को तात्कालिक राहत देने के लिए 25 लाख रुपये की अंतरिम सहायता दे रही है। हम इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े हैं। उन्होने कहा कि यह भुगतान टाटा संस द्वारा पहले से घोषित एक-एक करोड़ रुपये की सहायता के अतिरिक्त है।